धर्मभक्ति और श्रद्धा के सागर में डूबा इटारसी : आर्यिका संघ की ऐतिहासिक अगवानी, गूंजे जयकारे
इटारसी। परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज की परम शिष्याएँ, तप, त्याग और संयम की साकार प्रतिमूर्ति आर्यिका रत्न 105 श्री भावनामति माताजी, आर्यिका रत्न 105 श्री सदेय माताजी तथा आर्यिका रत्न श्री भक्तिमति माताजी के पावन इटारसी नगर आगमन पर सकल जैन समाज द्वारा अभूतपूर्व, ऐतिहासिक एवं भव्य अगवानी की गई। संपूर्ण नगर धर्ममय वातावरण, मंगल ध्वनियों और श्रद्धा-सुमनों से अनुप्राणित हो उठा।
प्रातः 8:00 बजे प्रिंस पैराडाइज गार्डन के समीप सकल जैन समाज चातुर्मास समिति के संरक्षक मुकेश जैन एवं अध्यक्ष अनिल जैन के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों श्रावक-श्राविकाओं, युवाओं एवं बच्चों ने आर्यिका संघ का विधिवत पाद प्रक्षालन कर मंगल स्वागत किया। इसके पश्चात निकली भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम संगम बन गई।
शोभायात्रा मंडी मार्ग से होती हुई पारस उद्योग पहुँची, जहाँ श्रद्धालुओं ने आरती एवं पाद प्रक्षालन कर आर्यिका संघ का अभिनंदन किया। यात्रा में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं एवं बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जबलपुर से आए दुलदुल घोड़ी कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुति ने शोभायात्रा की गरिमा और आकर्षण को अनेक गुना बढ़ा दिया।
ओवरब्रिज स्थित हनुमान धाम मंदिर के समक्ष हनुमान धाम सेवा समिति के पदाधिकारियों ने आर्यिका माताजी की आरती उतारकर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत शोभायात्रा प्रथम लाइन से होती हुई सातवीं लाइन स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुँची, जहाँ आर्यिका संघ ने जिनेंद्र भगवान के दर्शन कर मंगल वंदना की। तत्पश्चात दूसरी लाइन स्थित श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भी आर्यिका माताजी ने दर्शन कर धर्मलाभ प्रदान किया।
पूरे नगर में धर्म, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम वातावरण निर्मित हो गया। श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य संतों की परम शिष्याओं के दर्शन एवं सान्निध्य प्राप्त कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। यह ऐतिहासिक अगवानी इटारसी के धार्मिक इतिहास में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी।
चातुर्मास समिति अध्यक्ष अनिल जैन ने बताया कि 12 जुलाई रविवार को आचार्य भगवंत आचार्य श्री समय सागर जी महाराज का इटारसी आगमन हो रहा है, चातुर्मास समिति अगवानी की जोर शोर से तैयारी कर रही है।
Tags:
समाचार
.jpg)