सरस्वती शिशु मंदिर, मालवीय गंज, इटारसी में स्पीक मैके संस्था द्वारा भरतनाट्यम कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया
इटारसी। सरस्वती शिशु मंदिर, मालवीय गंज, इटारसी में आज स्पीक मैके (SPIC MACAY) संस्था के तत्वावधान में भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैली भरतनाट्यम पर एक प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुणे की सुप्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना वैष्णवी दोहरे ने विद्यालय के विद्यार्थियों को भरतनाट्यम की परंपरा, इतिहास, भाव-भंगिमाओं एवं विभिन्न मुद्राओं से परिचित कराया। उन्होंने अपने मनमोहक नृत्य प्रदर्शन एवं सहज संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं शास्त्रीय कला के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर स्पीक मैके संस्था के अध्यक्ष श्री हेमंत शुक्ला, संस्था के समन्वयक श्री सुनील बाजपेई, सरस्वती शिशु मंदिर, मालवीय गंज, इटारसी के प्राचार्य श्री नर्मदा प्रसाद मालवीय, विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री योगेश शुक्ला द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत श्री रविशंकर यादव एवं श्रीमती शिवकुमारी दीदी ने पुष्पगुच्छ एवं अभिनंदन के साथ किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री नर्मदा प्रसाद मालवीय ने स्पीक मैके संस्था एवं आमंत्रित कलाकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, कला एवं नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि जागृत करते हैं तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को नई दिशा प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों ने भी इस कार्यशाला में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और भरतनाट्यम की बारीकियों को निकट से जानने का अवसर प्राप्त किया।
Tags:
समाचार
.jpg)