शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने उठाई नशा मुक्ति की अलख, रैली निकाल कर समाज को दिया 'नशे से दूरी' का संदेश
शासकीय कन्या महाविद्यालय में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 जन जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ
इटारसी । उच्च शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में सामाजिक सरोकार और जन-जागरूकता के तहत *'नशे से दूरी, है जरूरी'* विषय पर एक जन जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण से किया गया कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में स्लोगन और तख्तियां थामे छात्राओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आमजन को नशे के घातक दुष्परिणामों से अवगत कराया। रैली के माध्यम से लोगों को समझाइश दी गई कि नशा न सिर्फ एक व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर धकेलता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर एस मेहरा ने कहां कि युवा' का उल्टा 'वायु' है जिसका काम जीवन देना और आगे बढ़ना है। वहीं 'नशा' का उल्टा 'शान' है ।आप चैतन्य वायु बनिए, और अपने तीव्र प्रवाह से समाज में व्याप्त नशे को छिन्न-भिन्न कर दीजिए, ताकि यह समाज आत्मसम्मान और पूर्ण शान के साथ आलोकित हो सके।। आपने कहा कि महाविद्यालय की बेटियां समाज में इस संदेश की ध्वजवाहक बनेंगी। कार्यक्रम संचालक श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य छात्राओं के भीतर एक ऐसी चेतना जागृत करना है जिससे वे अपने आसपास के परिवेश को भी व्यसन मुक्त बना सकें। नशे के खिलाफ यह जंग हर घर तक पहुंचनी चाहिए। कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसएस अधिकारी नीतू अहिरवार,ने कहा कि महाविद्यालय की
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई हमेशा सामाजिक सुधारों के लिए तत्पर रहती है। समाज को नशा मुक्ति की दिशा में ले जाने के लिए हमारी स्वयंसेविकाएं निरंतर कार्य करेंगी। यह रैली और अभियान इसी दिशा में एक मजबूत कदम है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, स्टाफ सदस्यों और छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। उपस्थित जनसमूह ने संकल्प लिया कि वे जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार के नशे को हाथ नहीं लगाएंगे और अपने परिवार व समाज को इस अभिशाप से मुक्त कराने के लिए निरंतर सक्रिय योगदान देंगे। शासन के निर्देशानुसार 'नशा मुक्ति है जरूरी 2.0' के अंतर्गत जन-जागरूकता हेतु 15 जुलाई से 30 जुलाई तक महाविद्यालय में विभिन्न चरणों में अनेक रचनात्मक व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है, जिसकी शुरुआत इस भव्य आयोजन से हुई है।इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने की बात कही।
Tags:
समाचार
.jpg)