ad

मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण: लायन्स क्लब इटारसी कपल ने टीबी मरीजों को वितरित की निःशुल्क पोषण किट



मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण : लायन्स क्लब इटारसी कपल ने टीबी मरीजों को वितरित की निःशुल्क पोषण किट

इटारसी । मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए लायन्स क्लब इटारसी कपल द्वारा श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय चिकित्सालय, इटारसी में क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित मरीजों के लिए उच्च प्रोटीन युक्त निःशुल्क पोषण किट का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग करना है।

कार्यक्रम के दौरान लायन्स क्लब इटारसी कपल के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र गुप्ता ने मरीजों को संबोधित करते हुए बताया कि टीबी की दवाओं का नियमित एवं पूर्ण कोर्स करना अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन युक्त एवं संतुलित आहार लेने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे मरीजों की रिकवरी तेजी से होती है। उन्होंने मरीजों से उपचार बीच में न छोड़ने तथा नियमित रूप से पौष्टिक भोजन लेने का आग्रह किया। साथ ही डॉ. रवींद्र गुप्ता ने समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सभी प्रबुद्ध नागरिकों से भावपूर्ण अपील की कि वे "निक्षय मित्र" बनकर टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार में सहयोग करें तथा समाज में टीबी के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम नागरिक इस अभियान से जुड़े, तो प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के "टीबी मुक्त भारत अभियान" को नई गति मिलेगी और सामूहिक प्रयासों से भारत को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकेगा।

इस अवसर पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय की अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को वात्सल्य हॉस्पिटल, इटारसी का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। समाजसेवी श्री संजय मेहानी भी इस सेवा कार्य में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का नेतृत्व लायन्स क्लब इटारसी कपल के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर सचिव डॉ. राकेश बत्रा, कोषाध्यक्ष डॉ. विजयंत बड़कुल एवं चार्टर अध्यक्ष श्रीमती प्रीति दुबे की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में क्लब के सदस्य डॉ. पूजा गुप्ता, डॉ. अभिषेक सोनी, डॉ. संजय गुप्ता, अभय दुबे, वंदना ओझा, संजय अग्रवाल, डॉ. सुनील सारथे, राशि साहू, मनोज साहू एवं हरीश अग्रवाल भी उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

डॉ. अनिकेत सिंह एवं डॉ. प्रियांक मिश्रा की पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अतिरिक्त टीबी कार्यक्रम समन्वयक श्री नरेंद्र यादव का भी उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के अंत में श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय की अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमरे द्वारा अस्पताल परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। वहीं लायन्स क्लब इटारसी कपल की ओर से कोषाध्यक्ष डॉ. विजयंत बड़कुल ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी सदस्यों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक स्वर में कहा कि "जब समाज मिलकर किसी जरूरतमंद के स्वास्थ्य और जीवन की चिंता करता है, तभी सेवा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है।" लायन्स क्लब इटारसी कपल ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी एवं मानव सेवा के कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

"किसी भूखे को भोजन और किसी रोगी को पोषण देना केवल सहायता नहीं, बल्कि उसके जीवन में नई उम्मीद जगाने का कार्य है।" इसी मानवीय संदेश के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post