ad

शासकीय कन्या महाविद्यालय में 'दीक्षारंभ' के अंतिम दिन छात्राओं को दी एनईपी, एनसीसी और खेल गतिविधियों की जानकारी


शासकीय कन्या महाविद्यालय में 'दीक्षारंभ' के अंतिम दिन छात्राओं को दी एनईपी, एनसीसी और खेल गतिविधियों की जानकारी

इटारसी । ​शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में नए सत्र के नवप्रवेशित छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय 'दीक्षारंभ'  कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन छात्राओं को महाविद्यालयीन जीवन, अकादमिक नियमों और सह-अकादमिक गतिविधियों से विस्तार से परिचित कराया गया। ​यह विशेष आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर एस मेहरा के निर्देश एवं  वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें प्राध्यापकों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रंधावा ने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम छात्राओं को महाविद्यालयीन परिवेश के अनुकूल बनाने, उनमें उच्च नैतिक मूल्यों का संचार करने और उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करने का एक अनूठा मंच है।कार्यक्रम के संचालक डॉ. शिरीष परसाई ने छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रमुख तथ्यों और प्रावधानों से अवगत कराया। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत मेजर, माइनर और इलेक्टिव विषयों के चयन, क्रेडिट सिस्टम तथा चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के लाभों के बारे में छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया। ​स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. मुकेश चंद्र बिष्ट ने महाविद्यालय में संचालित होने वाली विभिन्न खेलकूद गतिविधियों, वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं और कॉलेज में उपलब्ध खेल संसाधनों की जानकारी देते हुए छात्राओं को खेल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। पुस्तकालय प्रभारी श्री अनिल महोबे ने छात्राओं को लाइब्रेरी के संचालन के नियमों, पुस्तक निर्गम प्रक्रिया और वहां उपलब्ध ज्ञानवर्धक पत्र-पत्रिकाओं व डिजिटल सुविधाओं के बारे में बताया। वहीं, श्रीमती पूनम साहू ने एनसीसी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए देश सेवा, अनुशासन और एनसीसी प्रमाणपत्रों से भविष्य में मिलने वाले करियर लाभों के संबंध में छात्राओं को जागरूक किया।
​ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक विभागों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और प्रशासनिक कार्यालयों का भ्रमण कराया गया। साथ ही कार्यालयीन स्टाफ से उनका परिचय कराया गया ताकि भविष्य में उन्हें प्रशासनिक कार्यों में सुगमता रहे। इसके अतिरिक्त, छात्राओं के व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन के लिए मेंटोर-मेंटी सूची का आवंटन किया गया, जिसके तहत प्रत्येक छात्रा को एक शिक्षक मार्गदर्शक के रूप में आवंटित किए गए।
​इस अवसर पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक, कार्यालयीन स्टाफ और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएं उपस्थित थीं।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post