शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी में भव्य तिरंगा रैली : देशभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र
इटारसी । शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत देशभक्ति से ओतप्रोत ‘तिरंगा रैली’ का आयोजन किया गया। रैली में महाविद्यालय की छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और प्राध्यापकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम" के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। रैली के दौरान एक मनमोहक दृश्य तब देखने को मिला जब आसपास के मोहल्लों के छोटे-छोटे बच्चों ने भी छात्राओं के सुर में सुर मिलाकर देशभक्ति के नारे लगाए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ आर एस मेहरा ने अपने संदेश में कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। यह रैली समाज में राष्ट्रप्रेम और नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी का संदेश देती है। वहीं एनसीसी अधिकारी श्रीमती प्रेमलता पाटिल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना सुदृढ़ होती है। बच्चों व आम नागरिकों का इस यात्रा से जुड़ना राष्ट्रप्रेम की अटूट डोर को दर्शाता है। डॉ शिरीष परसाई ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना और 'भारतीय ध्वज संहिता' के प्रति जागरूक करना है। यह यात्रा स्वाधीनता संग्राम के वीरों को नमन करने और नई पीढ़ी में राष्ट्रीयता के संस्कार सिंचित करने का सशक्त माध्यम है।आयोजन में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
प्राचार्य
Tags:
समाचार
.jpg)