HR Compliance इंटर्नशिप के लिए 50 विद्यार्थियों का साक्षात्कार
कैरियर निर्माण के साथ विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक कार्य अनुभव
इटारसी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, आवश्यक कौशल एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में विशेष इंटर्नशिप एवं साक्षात्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में JPM Nexus Pvt. Ltd. द्वारा विद्यार्थियों को HR Compliance के क्षेत्र में इंटर्नशिप के अवसर प्रदान किए गए। कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों की योग्यता, रुचि एवं कौशल को समझने के लिए 50 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. हरप्रीत रंधावा, श्रीमती मंजरी अवस्थी, स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी श्री स्नेहांशु सिंह उपस्थित रहे। वहीं JPM Nexus Pvt. Ltd. की ओर से डायरेक्टर वरुण कुमार, असिस्टेंट मैनेजर श्रीमती प्रिया राय, मैनेजर आर्य कनस्कर एवं सीनियर कंप्लायंस एनालिस्ट बदल वैष्णव ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को HR Compliance के कार्यक्षेत्र, इंटर्नशिप की भूमिका, आवश्यक दक्षताओं, कार्य संस्कृति तथा भविष्य में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के पास कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक, डेटा प्रबंधन, दस्तावेजीकरण, संचार तथा कार्यालयीन कार्यों का व्यावहारिक ज्ञान होना भी आवश्यक है। इंटर्नशिप के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को MS Office, Excel, दस्तावेजीकरण, डेटा प्रबंधन, संचार कौशल तथा अन्य डिजिटल कार्यों का वास्तविक कार्यक्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह पहल विशेष रूप से Commerce, Management, HR, Law एवं संबंधित विषयों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही कॉर्पोरेट कार्यप्रणाली एवं व्यावसायिक वातावरण को समझने का अवसर मिलेगा। प्राचार्य डॉ. हरप्रीत रंधावा ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग जगत की आवश्यकताओं से परिचित कराने तथा उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नोडल अधिकारी श्री स्नेहांशु सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा से रोजगार एवं वास्तविक कार्य अनुभव की ओर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय आर्य ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान एवं तकनीकी कौशल से भी दक्ष होना आवश्यक है।
प्रभारी प्राचार्य
डॉ. हरप्रीत रंधावा
Tags:
समाचार
.jpg)