ad

पर्दा उठते ही बप्पा के दिव्य स्वरूप को निहारता रह गया हर भक्त


पर्दा उठते ही बप्पा के दिव्य स्वरूप को निहारता रह गया हर भक्त

चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल का भव्य प्रथम दर्शन समारोह, ढोल-ताशों और शंखनाद से गूंजा परिसर

इटारसी। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बैंक कॉलोनी स्थित चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल में भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई। देर शाम आयोजित प्रथम दर्शन समारोह में आस्था, भव्यता और आधुनिक आयोजन शैली का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला कि बप्पा के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

प्रथम दर्शन कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक और गरिमापूर्ण स्वरूप दिया गया था। ढोल-ताशों की गूंज, शंखनाद और भक्तिमय वातावरण के बीच आधुनिक साज-सज्जा एवं म्यूजिक एंट्री की तर्ज पर बप्पा की प्रतिमा के सामने लगाया गया विशाल पर्दा उठाया गया। जैसे ही पर्दा उठा और भक्तों को भगवान श्रीगणेश के भव्य स्वरूप के प्रथम दर्शन हुए, पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। बप्पा के दिव्य और मनोहारी स्वरूप को देखकर श्रद्धालु कुछ क्षणों के लिए जैसे ठहर से गए। जिसने भी प्रथम दर्शन किए, उसकी नजरें बप्पा की प्रतिमा से हटने का नाम नहीं ले रही थीं।

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने प्रथम दर्शन समारोह को विशेष बना दिया। भक्तों ने भगवान श्रीगणेश के दर्शन कर सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। वातावरण में गूंजते गणपति बप्पा मोरया के जयघोष ने पूरे परिसर को भक्तिमय कर दिया।

आयोजन अब बैंक कॉलोनी तक सीमित नहीं, पूरे शहर को समर्पित

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद इटारसी के अध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश जाधव, मनजीत कलोसिया, वरिष्ठ समाजसेवी मनीष ठाकुर, एल्डरमैन आशीष मालवीय, गोपाल शर्मा, कुलदीप रघुवंशी, अभिषेक साहू सहित करणी सेना परिवार के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल द्वारा किए जा रहे आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सामूहिक आस्था को मजबूत करने का अवसर भी है। मंडल द्वारा इस वर्ष आयोजन को व्यापक स्वरूप देते हुए इसे केवल बैंक कॉलोनी तक सीमित न रखकर पूरे इटारसी शहर को समर्पित किया गया है, यह सराहनीय पहल है।

नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश जाधव, मनजीत कलोसिया और वरिष्ठ समाजसेवी मनीष ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने आयोजन को लेकर अपने विचार व्यक्त किए और मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

पूरे गणेशोत्सव में होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन

चिंतामणि सार्वजनिक गणेश मंडल द्वारा इस वर्ष गणेशोत्सव को विशेष स्वरूप दिया जा रहा है। प्रथम दर्शन समारोह के साथ ही उत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। आगामी दिनों में भी यहां विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शहरवासियों की सहभागिता रहेगी।

मंडल की ओर से कहा गया कि बप्पा का यह उत्सव किसी एक कॉलोनी या क्षेत्र तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे शहर की आस्था और सहभागिता का उत्सव है। यही भावना इस वर्ष के आयोजन को विशेष बना रही है।

प्रथम दर्शन समारोह के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और बप्पा के दर्शन के बाद भक्तों के चेहरों पर दिखाई दी श्रद्धा और प्रसन्नता ने यह संदेश दिया कि गणपति बप्पा का आगमन अपने साथ केवल उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, सकारात्मकता और मंगल की नई ऊर्जा लेकर आया है।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post