फल विक्रेताओं को अंतिम चेतावनी—निर्धारित स्थान के अलावा कहीं भी दुकान लगाई तो होगी जब्ती की कार्रवाई
इटारसी। बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से आज नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुश्री सुरेखा जाटव ने सब्ज़ी मंडी एवं फल बाजार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सब्ज़ी मंडी के सामने फल व्यवसाय करने वाले विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विधायक के निर्देशानुसार निर्धारित स्थान पर ही फल बाजार लगाया जाए। निर्धारित स्थान के अतिरिक्त सड़क, फुटपाथ अथवा किसी अन्य स्थान पर फल का व्यवसाय करते पाए जाने पर बिना किसी पूर्व सूचना के नगरपालिका द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेलों एवं व्यवसाय में प्रयुक्त सामग्री को मौके पर ही जब्त किया जाएगा तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निर्धारित व्यवस्था का पालन नहीं करने वाले विक्रेताओं के प्रति किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि बाजार व्यवस्था नागरिकों, व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित की गई है। सभी फल विक्रेताओं के लिए यह अंतिम चेतावनी है कि वे निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करें। इसके बाद नियम विरुद्ध व्यवसाय करते पाए जाने पर सीधे जब्ती एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगरपालिका का अतिक्रमण दस्ता एवं स्वच्छता विभाग के कर्मचारी कमलकांत बढ़गोती एवं कमल आर्य सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags:
समाचार
.jpg)