इस्कॉन के राधाष्टमी महोत्सव में भक्ति में डूबा खंडवा, उमड़ा श्रद्धालुओं का जन सैलाब
खंडवा। आनंद नगर में इस्कॉन द्वारा राधाष्टमी के पावन अवसर पर भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शहरवासी शामिल हुए। पूरे परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के नाम, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सिंधी समाज प्रदेश प्रवक्ता निर्मल मंगवानी एवं मयूर राजानी ने बताया कि आयोजन इस्कॉन सेंटर प्रमुख अखिल बंधु, गोपालदास प्रभु जी एवं नेताई प्रिया प्रभु जी के दिशानिर्देश में उत्सव की शुरुआत मधुर हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन से हुई। जैसे-जैसे कीर्तन आगे बढ़ा श्रद्धालु भगवान के नाम पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। भक्तिमय संगीत और संकीर्तन ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। इस दौरान नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से मनुष्य जीवन के महत्व को समझाया गया। पश्चात सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां भी हुईं, जिन्हें श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। वहीं श्रीकृष्ण की मधुर लीलाओं पर आधारित कथा का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। प्रवक्ता ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण एवं मधुर वर्णन किया। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण करते हुए भगवान की लीलाओं से आध्यात्मिक ज्ञान और जीवन की महत्वपूर्ण सीख प्राप्त की। राधाष्टमी के उपलक्ष्य में छप्पन भोग एवं सुंदर श्रृंगार का दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। इसके बाद श्री राधा-कृष्ण का अभिषेक विधिवत रूप से किया गया, जिसमें खंडवा की कई जानी-मानी हस्तियों ने भी सहभागिता की। श्रद्धालुओं के बीच छप्पन भोग प्रसादी के साथ भगवान का चरणामृत भी वितरित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा और श्रद्धालु भगवान के नाम पर भाव-विभोर होकर नृत्य करते नजर आए। इस्कॉन खंडवा का यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीराधा की भक्ति, उनकी लीलाओं और मनुष्य जीवन के वास्तविक उद्देश्य का संदेश भी देकर गया। इस महोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में नगर वासियों ने सहभागिता की।
Tags:
समाचार

