5 लाख लीटर की पानी की टंकी का निर्माण अंतिम चरण में, नवरात्रि में होगी टेस्टिंग
करीब 32 लाख की लागत से बन रही टंकी, धोखेड़ा से 12 इंच पाइपलाइन जोड़ने का कार्य भी पूर्णता की ओर
इटारसी। न्यास कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। करीब 32 लाख रुपये की लागत से 5 लाख लीटर क्षमता की नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य लगभग पूर्णता की ओर है और नवरात्रि के दौरान टंकी की टेस्टिंग किए जाने की तैयारी है।
वार्ड-13 की पार्षद एवं राजस्व सभापति श्रीमती अमृता ठाकुर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से न्यास कॉलोनी के कुछ क्षेत्रों से खराब एवं दूषित पानी आने की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं। इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से लगातार संपर्क कर समस्या के निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। पुरानी लाइनों की जांच और आवश्यक सुधार के लिए भी नगर पालिका का ध्यान लगातार आकर्षित कराया गया है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण आगामी गर्मी में पानी की समस्या उत्पन्न न हो, इसे ध्यान में रखते हुए अभी से संपूर्ण तैयारी की जा रही है। हमारा प्रयास है कि गर्मी आने से पहले जलापूर्ति से जुड़े प्रमुख कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि नागरिकों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
नई टंकी के साथ धोखेड़ा से आने वाली 12 इंच की मुख्य पाइपलाइन को जोड़ने का कार्य भी पूर्णता की ओर है। इसके बाद न्यास कॉलोनी में नई वितरण पाइपलाइन के माध्यम से प्रत्येक घर तक पर्याप्त मात्रा और बेहतर दबाव से स्वच्छ पानी पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
पार्षद श्रीमती अमृता ठाकुर ने कहा कि टंकी, धोखेड़ा की 12 इंच मुख्य लाइन और नई वितरण पाइपलाइन की व्यवस्था पूरी होने के बाद न्यास कॉलोनी की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मजबूत व्यवस्था तैयार हो जाएगी।
उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज चौरे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग अब धरातल पर आकार ले रही है।
“वर्तमान में खराब पानी की शिकायतों का समाधान कराने के साथ हमारी प्राथमिकता आगामी गर्मी की तैयारी भी है। कम वर्षा को देखते हुए हम अभी से प्रयास कर रहे हैं कि टंकी, मुख्य लाइन और वितरण व्यवस्था समय पर पूरी हो और न्यास कॉलोनी के प्रत्येक घर को पर्याप्त एवं स्वच्छ पानी मिले।”
— अमृता ठाकुर, पार्षद वार्ड-13 एवं सभापति, राजस्व समिति
Tags:
समाचार
