ad

काव्य : झुमका सिटी बरेली - उपमेंद्र सक्सेना , एडवोकेट बरेली


काव्य : 

झुमका सिटी बरेली

गीत

चूम रहीं उम्मीदें भी अब
अपनी यहाँ हथेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली।

लगीं लाइटें अब बहुरंगी
मुस्काती हैं रातें
करती पहली किरण सुबह की
हरियाली से बातें

साथ निभाते बिजली,पानी
सड़कें नई नवेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया 
झुमका सिटी बरेली। 

कर लो दर्शन नाथों के तुम 
इस नगरी में आकर
खुल जाएँगे भाग्य तुम्हारे
शिव को  दूध चढ़ाकर

सुलझाएँगे वो जीवन की
सारी कठिन पहेली,
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली।

वर्ल्ड फेम आला हज़रत से
जिनके रिश्ते- नाते
उर्स मनाने सालाना वे
जायरीन हैं आते

बन जाती है उनकी रूठी 
किस्मत ख़ास सहेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली।

देखो रौनक यहाँ बड़ा दिन
धूमधाम से मनता
और सिखों के उत्सव मेंं तो
लंगर खाती जनता

लगी गुरूवाणी यों इनकी
मीठी ज्यों गुड़-भेली 
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली। 

पंडित दासी राम यहाँ पर
बुध मस्जि़द बनवाते
मंदिर चुन्ना मियाँ सौंप कर
अपनापन दिखलाते

गई मनों से भीड़ बैर की
कोसों दूर धकेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया 
झुमका सिटी बरेली। 

चाट चमन की और भटूरे
त्यागी जी के खाओ
कभी चौपुला लस्सी पीने
ओमी जी की आओ

स्वाल विजय के और किप्स की
बर्फी है अलबेली
अद्भुत ऐसी यह तो  भैया
झुमका सिटी बरेली।

राम वाटिका, मॉल यहाँ के
कभी फन सिटी  घूमो
झुमके वाले चौराहे पर 
रील बनाओ झूमो

एक रंग में रँगे मिलेंगे
चेले हों या चेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली। 

यहाँ बाँस,फर्नीचर, सुरमा
बिकता जाना- माना
धंधा ज़रदोज़ी, माझे का
सच में बहुत पुराना

गुरूवार को बंदी के दिन 
सजते ठेला -ठेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया 
झुमका सिटी बरेली। 

मेन बड़ा बाजार यहाँ का
लगे नुमाइश जैसा
रूप कुतुब खाना का देखो
बदल गया है कैसा

खुला जाम है बने यहाँ पुल
कहीं न दिक्कत झेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली। 

राधेश्याम कथावाचक ने
रच दी वो रामायण
आम जनों को देखा जपते 
नारायण- नारायण

आज आस्था महके जैसे
बेला और चमेली
अद्भुत  ऐसी यह तो भैया 
झुमका सिटी बरेली। 

पांचाल नगरी कहलाती
यहाँ  द्रोपदी जन्मी
तपोभूमि है रिषियों की यह
पूजें इसको धर्मी

यहाँ  कृष्ण जी और राम की 
लीला जाती खेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली। 

दिशा पाटनी और प्रियंका
हीरोइन हैं छायीं
'बिस्मिल','सेवक',किशन,'कुमुद' जी
ज्ञानवती भी भायीं

इनसे  हिंदी गीत, ग़ज़ल की
रोशन रही हवेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली।

नब्ज़ यहाँ खुर्शीद देखकर
सारा हाल  बताते
गट्टूमल की जड़ी बूटियाँ
लोग चाव से खाते

खुले पार्कों में जिम पब्लिक 
कसरत करती डेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली। 

खुलते रोजगार के अवसर
शिक्षा में यह अव्वल
जो भी आते सपने लेकर
मिलता उनको संबल

भरीं जेब वे जिनमें कल तक
पास न धेला-धेली
ऐसी अद्भुत है यह भैया 
झुमका सिटी बरेली। 

फॉलो करते हैं हम उनको
जो लगते हैं अच्छे
खुश है उनसे सारी जनता
जो हैं  दिल के सच्चे

घूम रहीं बेखौफ बेटियाँ
बाहर आज अकेली
अद्भुत ऐसी यह तो भैया
झुमका सिटी बरेली। 

लगता देव दिवाली पर जब 
चौबारी का मेला
करें यहाँ सब मिलकर मस्ती
चलता भारी रेला

दूर न मेले से अपना घर
आना गाँव करेली
अद्भुत ऐसी  यह तो भैया 
झुमका सिटी बरेली।

-  उपमेंद्र सक्सेना , एडवोकेट
 बरेली (उत्तर प्रदेश) 
मोबा.📞񇠠9837944187
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post