लघुकथा :
कद
दो मित्रों में राजनीतिक विचारधारा को लेकर अक्सर बहस होती रहती थी। दोनों अपनी-अपनी पार्टी के समर्थक थे। सोशल मीडिया पर भी वह एक-दूसरे की पोस्ट का जवाब देते रहते थे।
एक दिन बहस के दौरान एक मित्र ने दूसरे की पसंद के नेता पर तीखा कटाक्ष किया।
दूसरे ने भी सरकार की नीतियों और नेता के फैसलों पर जमकर सवाल उठाए, लेकिन उसकी भाषा संयमित थी।
पहला मित्र आवेश में आ गया। उसने नेता के साथ-साथ अपने मित्र के परिवार तक को अपनी टिप्पणी में घसीट लिया।
दूसरे मित्र ने केवल इतना लिखा,
"तुम्हारे पास मेरे विचारों का जवाब नहीं है तो मेरे परिवार को बीच में ले आए।"
पहला फिर भी नहीं रुका।
थोड़ी देर बाद दोनों एक समारोह में मिले। पहला मित्र उसे देखकर मुस्कराया, लेकिन दूसरा चुपचाप आगे बढ़ गया।
पहले ने टोका, "फेसबुक पर मेरी बात का बुरा मान गए क्या?"
दूसरा मित्र पलटा और बोला,
"तुमने फेसबुक पर मेरा अपमान नहीं किया, अपना कद छोटा किया है। विचारों का विरोध करो, लेकिन अपनी भाषा से अपनी परवरिश का कद मत गिराओ।"
- डॉ अंजना गर्ग , रोहतक
Tags:
कथा कहानी
