ad

विश्व हितार्थ: गोवंश का वैज्ञानिक महत्त्व - देवेन्द्र कुमार रावत ,भोपाल


 विश्व हितार्थ: गोवंश का वैज्ञानिक महत्त्व

 - देवेन्द्र कुमार रावत ,भोपाल

                 विश्व में भारतीय संस्कृति ही ऐसी है, जिसमें गाय का सर्वश्रेष्ठ स्थान है। आधुनिक विज्ञान भी मानता है, कि गाय का दूध एवं इससे बनें उत्पाद से स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। पर इससे भी कहीं अधिक गाय हमारे अन्तर को पवित्र बनाने में भी सहायक है, इसलिए श्रीरामचरित मानस में गाय को श्रद्धा के सात्विक स्वरूप की उपमा दी गई है। ज्ञान-दीपक प्रसंग के शुभारंभ में मानस रचनाकार लिखते हैं –

सात्विक श्रद्धा धेनु सुहाई, जो हरिकृपा हृदय बस आई।

             अर्थात् श्री हरि की कृपा से ही सात्विक श्रद्धा रूपी गाय हृदय में आती है। श्रीरामचरितमानस में गाय के संबंध मे अनेक बार वर्णन आया है, लेकिन जब श्रीराम, सीताजी, श्री लक्ष्मण समेत 14 वर्ष की वनवास अवधि व्यतीत कर वापिस अयोध्या लौटते हैं तब उनके आगमन की सूचना कौशल्या और अन्य माताओं को मिलती है। ऐसे समय माताओं के उस वात्सल्य भाव को प्रकट करने के लिये, महाकवि तुलसीदास जी को जो उपमा सूझी है उसमें वे कहते हैं –

कौशल्यादि मातु सब धाई, निरखि बच्छ जनु धेनु लवाई

             अर्थात् अपने पुत्रों से मिलने वे ऐसे दौड़ी मानो नयी ब्यायी हुई गौएँ अपने बछड़ों को देखकर दौड़ी हों। इतना ही नहीं उनकी भावदशा का वर्णन करते हुये आगे उन्होंने लिखा है–

जनु धेनु बालक बच्छ तजि गृह चरन बन परबस गई।
दिन अंतपुर रुख स्रवत थन हुकार करि धावत भई।।

               अर्थात् मानों नयी ब्यायी हुई गौएँ अपने छोटे बछड़ों को घर पर छोड़कर परवश होकर वन में चरने गयी हो और दिन का अंत होने पर बछड़ों से मिलने के लिये हुंकार करके थन से दूध गिराती हुई नगर की ओर दौड़ी हों। मातृत्व का इससे श्रेष्ठ उदाहरण और कोई दूसरा नहीं हो सकता है। वैसे इस सृष्टि में हर माँ अपने जन्मे बच्चों से प्यार करती है। यह ईश्वरीय प्रदत्त मातृत्व भाव ही सृष्टि के संचालन का आधार है। लेकिन इन सब में गाय का उल्लेख किया जाने का अर्थ है कि गोमाता अपने बछड़े के साथ हमें सभी को भी दुग्ध प्रदान करती है। अर्थात् सात्विकता की प्रतीक गाय का जीवन परहित के लिए ही है। गौमाता के इस परोपकारी एवं वात्सल्य रूप के सान्निध्य से ही हमारी श्रद्धा का स्वरूप सात्विक बना रहता है। अतः गौमाता के द्वारा जो भौतिक लाभ प्राप्त होते हैं, उन सबसे अधिक तो आध्यात्मिक लाभ की भी प्राप्ति है। यही श्रद्धा हमें देवत्व की ओर ले जाती है। देवत्व का अर्थ है जो केवल देते हैं और ये देवता बदले में केवल हमारी सात्विक श्रद्धा ही चाहते हैं। इसलिए ही त्रेतायुग में पृथ्वी ने परहित पर आधारित जगत कल्याण हेतु सात्विक श्रद्धा की प्रतीक गाय का रूप धारण किया था। इसी संदर्भ में त्रेतायुग में वर्णन आता है –

धेनु रूप धरि हृदय बिचारी, गई तहाँ-जहँ सुरमुनि झारी

          अर्थात् रावण के अत्याचारों से दुःखी होकर पृथ्वी गौ का रूप धारण कर वहाँ गई जहाँ सब देवता और मुनि छिपे हुये थे। मानों पृथ्वी ने प्रतीक रूप में बताया कि श्रद्धा के तामसिक होने से धार्मिक कृत्यों से भी विपरीत परिणाम ही मिलते हैं। इसलिए प्रभु के अवतरण हेतु गाय का रूप धारण कर रही हूँ। हमारे धर्मशास्त्रों में गाय का महत्व इतना अधिक है कि गाय के अंग-प्रत्यंगों में देवताओं का निवास बताया है तो गाय के गोबर में भी लक्ष्मीजी के वास के सम्बन्ध में वर्णन आया है।

अवश्यं मानना कार्या तवास्माभिर्यशस्विनी
शकृन्मूत्रे निवास त्वं पुण्यमेताद्धि नः शुभे।

          अर्थात् गाय के गोबर में ही सारी धनसंपदा समायी हुई है। आधुनिक संदर्भ में इसका अर्थ है कि धरती की उर्वरकता बनाये रखने में गोबर की खाद प्रदूषण रहित वातावरण भी बनाये रखती है। जिसमें हमारे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि निहित है। अतीत में तो गौपालन के कारण हमें जमीन की उर्वरकता बनाये रखने हेतु रासायनिक खादों की आवश्यकता ही नहीं पड़ती थी। क्योंकि प्रत्येक घर में गौपालन होने से गोबर, गौमूत्र खेतों को सहज ही प्राप्त हो जाता था। जो श्रेष्ठ उर्वरक होते हुए भी प्रदूषण से बचाव के लिये एक रक्षा कवच का काम करता है। भगवान श्री कृष्ण स्वयं गाय की पूजा करते थे, तथा गौचारण के लिये ग्वालबालों के साथ वन जाया करते थे। आज गोपालन न होने से हम रासायनिक खाद के अधिक उपयोग से ज़मीन की उर्वरा शक्ति क्रमशः कम करते जा रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसा न हो कि कहीं मिट्टी का स्वभाव बदल जाने से हमारी उपजाऊ भूमि मरुस्थलों में बदल जाये। इसलिए ही हमारे ऋषि-मुनियों ने प्रत्येक शुभ कार्य में गाय के गोबर का वैशिष्ट्य बताने हेतु ही गोबर-गणेश की पूजन का विशेष विधान किया है। इस संदर्भ में गोबर-गणेश का गाय और देवी पार्वतीजी से जुड़ा एक प्रसंग का भी यही आध्यात्मिक आधार है। पार्वती जी को भी श्रद्धा की उपमा दी गई है। लिखा है –

भवानी शंकरौ वन्दे श्रद्धा विश्वास रुपिणौ।

           अर्थात् श्रद्धा और विश्वास स्वरुप पार्वती जी और भगवान शिव की मैं वंदना करता हूँ। यहाँ इनमें एक और अद्भुत समानता है कि दोनों से ही श्रीगणेश का सम्बन्ध हैं। पार्वतीजी के सम्बन्ध में पद्मपुराण में कथा आती है कि एक बार पार्वती जी ने सुगन्धित तेल और चूर्ण से अपने शरीर में उबटन लगवाया और उससे गिरे मैल से जो आकृति बनी उसमें प्राण डाल दिये। इस तरह से गणपति जी का जन्म हुआ। तो हमारे धार्मिक अनुष्ठानों में भी गाय के गोबर से भी श्रीगणेश बनाकर पूजन का विधान बताया गया है।

आध्यात्मिक संदर्भ में इन दोनों धार्मिक कथाओं के पीछे जो आशय है कि गुण-दोषमयी सृष्टि में दोषों का भी परिष्कार करके उन्हें गुण बनाये रखना ही गणपतित्व है और जो ऐसा करते हैं वे ही परम् विवेकी हैं। अतः गाय के गोबर के इस महत्व को धार्मिक संदर्भ में ही नहीं वैज्ञानिकों ने भी प्रयोगों से सिद्ध किया है कि गाय के गोबर खाद में उर्वरकता की क्षमता अधिक है इसलिए गौमाता के महत्व के सम्बन्ध में भगवान कृष्ण ने ब्रह्मपुराण में कहा है–

गिरियज्ञस्त्वयं तस्माताद् गोयज्ञश्च प्रवर्त्यताम्।
गिरि गोयज्ञ शीलाश्च वयमद्रिवनाश्रयाः।।

                      अर्थात् श्रीकृष्ण अपने ग्वालों से कहते हैं कि, हमारे मुख्य देवता गाय और पर्वत है। हम वनवासी-गोपालकों का मुख्य गोयज्ञ ही है। मंत्र यज्ञ उतना नहीं जितना गोयज्ञ है।यहाँ गौयज्ञ की महत्ता इसलिए ही बताई गई है कि संसार में शाकाहारी प्राणियों के अलावा जो अन्य आहार लेते हैं उन्हें भी गाय की महत्ता इसलिए समझनी चाहिये क्योंकि समस्त प्राणियों का आधार पृथ्वी है और पृथ्वी की उर्वरकता का आधार गाय है। यदि पृथ्वी की उर्वरक शक्ति रासायनिक खाद के प्रयोग से कम या समाप्त हो गई तो न केवल अनाज, वनस्पति बल्कि इन पर आश्रित समस्त जीवधारियों का जीवन संकट में पड़ जायेगा। जैसा वर्तमान में देखा भी जा रहा है। अतः अकाल की स्थितियाँ न बने इसलिए यज्ञ में जो हवि दी जाती है वह योग्य हवि गाय से ही प्राप्त होता है। वहीं पंचगव्य एवं पंचामृत गौमाता से ही प्राप्त होता है।वैज्ञानिक आधार पर भी यज्ञों से पर्यावरण की शुद्धि प्रमाणित हुई है तब इसका प्रत्यक्ष सम्बंध वर्षा से है। भगवान श्रीकृष्ण गीता में कहते हैं–

अन्नाद्भवन्ति भूतानि पर्जन्यादन्नसम्भवः
यज्ञाद्भवति पर्जन्यो यज्ञः कर्म समुद्भवः।

                अर्थात् सारे प्राणी अन्न पर आश्रित हैं, जो वर्षा से उत्पन्न होता है। वर्षा यज्ञ से होती है। और यज्ञ नियत कर्मों से उत्पन्न होता है। अतः गौमाता संपूर्ण संसार के लिए प्रत्यक्ष / अप्रत्यक्ष रूप से सभी कुछ देती है। इसमें किसी व्यक्ति जाति धर्म देश का कोई भेद गौमाता नहीं करती है पर आज ग्रामों को छोड़कर नगरीय क्षेत्रों में तो पश्चिमी प्रभाव में आकर हमने हमारे घरों की ऐसी संरचनाएँ निर्मित कर ली हैं कि गौपालन के लिए स्थान ही नहीं रह गया है।अब उसकी जगह देशी और विदेशी कुत्ते पाले जा रहें हैं। जिन्हें सबके रक्षार्थ एवं सावधानी बतौर मुख्य द्वार के बाहर रखा जाना था पर अब तो इनका जहाँ घर के भीतर प्रवेश हो गया वही इनका घर में रखना एक सामाजिक स्तर माना जाता है। जबकि केवल सुरक्षा कारणों को छोड़ दें तो इनके कारण भौंकने, काटने और गुर्राने के ही गुणों का प्रभाव हम सब पर हो रहा है। जबकि गौपालन से गाय के मातृत्व के साथ इनके सान्निध्य से हमारे नौनिहालों को शुद्ध दुग्ध, दही, माखन, घी तथा अन्य पदार्थ ही प्राप्त होते हैं। जिससे उनके ओज एवं सौन्दर्य की वृद्धि होती है। आज इन सभी अमूल्य पदार्थों के सेवन के अभाव के चलते कृत्रिम सौन्दर्य बढ़ाने वाले (ब्यूटीपार्लर) केन्द्रों पर जाकर सुन्दर बनने की कोशिश की जा रही है। जबकि शारीरिक बल एवं सौन्दर्य दूध, दही और माखन के सेवन से बढ़ता है यही कारण था, कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी बाल-लीलाओं में माखनचोरी की लीलाओं को स्थान दिया था। उनके द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा के पीछे गौचारण, गौवंश की वृद्धि के साथ ऊर्जा के अनंत स्रोत की प्राप्ति का उद्देश्य निहित था। पर सभ्यता के विकास के नाम पर हमने अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए गौवंश की उपेक्षा कर जो परम्परागत ऊर्जा संसाधन है, उनका भी असंयमित और अत्यधिक उपयोग कर लिया है। यदि यही स्थिति रही, तो भविष्य में ऊर्जा की इस कमी को गौवंश ही पूर्ति करेगा। हम पुनः बेलों से खेती करने, गौचारण से उर्वरकता बढ़ाने, बोझा ढोने में गौवंश का उपयोग करेगें। इसलिए क्यों न हम सब अभी से घर-घर गौपालन करें और गौचारण को हेय दृष्टि से न देखें। यही हमारी भारतीय संस्कृति में भौतिक आवश्यकताओं की पूर्ति का वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान है। ऋग्वेद में भी यही कहा गया है कि –

सनोनियुद्रियापृणकामं वाजे भिरश्विभिः।
गोमब्दि गोपित घृषत गोपितघृषत।।

    अर्थात् हे गौमाता ! हमारे संपूर्ण मनोरथ पूर्ण कीजिए।

  -  संपादक

 तुलसी मानस भारती

 तुलसी मानस प्रतिष्ठान, श्यामला हिल्स भोपाल (म.प्र.)

  मो.नं.-9893119507                                                                                       

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post