ad

पहेलियों की बौद्धिक जुगलबंदी से सजा वामा साहित्य मंच का दरबार


पहेलियों की बौद्धिक जुगलबंदी से सजा वामा साहित्य मंच का दरबार

इंदौर। साहित्य की विविध विधाओं को सहेजने और रचनात्मक संवाद को नया आयाम देने के उद्देश्य से वामा साहित्य मंच द्वारा नवंबर माह की मासिक गोष्ठी का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 'सुनो सहेली, बूझो पहेली' विषय पर केंद्रित इस अनूठी गोष्ठी में पहेली विधा की रोचकता और लोक-सौंदर्य की जीवंत झलक देखने को मिली, जिसमें कार्यक्रम की संयोजक सदस्याओं ने अपनी साहित्यिक, पर्यावरणीय, व्याकरण संबंधी और ज्ञानवर्धक पहेलियों के माध्यम से श्रोताओं की बौद्धिक परीक्षा ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ सपना सीपी साहू की स्वरचित प्रस्तुत मधुर एवं भावपूर्ण सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात मंच की अध्यक्ष ज्योति जैन ने स्वागत उद्बोधन द्वारा वामा साहित्य मंच और गोष्ठी की रूपरेखा स्पष्ट की और पहेली जैसी पारंपरिक एवं रोचक विधा के साहित्यिक महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय कवि एवं गीतकार डॉ. शशिकांत यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि वे 13 वर्ष की आयु से साहित्य क्षेत्र में सक्रिय हैं, पर जो साहित्यिक पहेलियों का नवाचार हुआ वह पहली बार देखा, जिसकी उन्होंने भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने अपने छंद 'कौन कहता है नारी भारत में अबला है, इंदिरा ने विश्व से लोहा मनवाया, माया ने मुलायम को हराया....सोनिया ने मनमोहन से देश चलवाया है।' सुनाया।
कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि ऐसे कठिनतम समय में सनातन संस्कृति और नारी शक्ति के आत्मविश्वास से ही हमने पार पाया है। भारतीय नारी सदैव ही अतुलनीय कार्य करती है। उन्होंने मातृशक्ति के विषय में 2014 से पूर्व जो आतंकवादी हमला हुआ और आतंकियों ने दो शीश काट लिए वह संस्मरण सुनाया कि जब नवविवाहित भाभी ने शीश कटा धड़ देखा तो अपनी भाभी को ननद ने समझाया कि "दादी का दुलार भूल आया, मां का प्यार भूल आया, मेरी मोतियों की माला भूल आया, दीवाली के दीप, होली के रंग भूल आया, बचपन से मेरा भाई भूलक्कड़ है रणक्षेत्र में शीश भूल आया है।" तो भारतीय नारी सदैव से समझदार और त्याग की मूर्ति है।
गोष्ठी के दौरान एक से बढ़कर एक कलात्मक और गूढ़ पहेलियां पूछी गईं, जिन्हें बूझने के क्रम में सभागार में निरंतर उत्साह और बौद्धिक कौतूहल बना रहा।
पहेलियां बूझकर जीतने वाली कई चतुर वामा सखियां रहीं, लेकिन सबसे ज्यादा पांच पहेली हल करकर प्रज्ञा प्रवाहिनी का पुरस्कार डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज को मिला।
संपूर्ण कार्यक्रम का अत्यंत सधा हुआ, सरस और प्रभावी संचालन श्रीमती ज्योति छाजेड़ एवं श्रीमती सुनीता सैनी ने संयुक्त रूप से किया।
अतिथि स्वागत अध्यक्ष ज्योति जैन और सुनीता सैनी ने किया। धर्मेंद्र सांगले, रूपाली बर्वे, रश्मि चौधरी, विभा जैन, शिरीन भावसार, पूर्णिमा भारद्वाज, पद्मा धर्मालय का सम्मान किया गया।
अंत में संस्था कोषाध्यक्ष रूपाली पाटनी ने सभी अतिथियों, रचनाकारों और उपस्थित साहित्य प्रेमियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post