ad

ओ मेरे सोना रे सोना ...! - ललिता जोशी , दिल्ली


ओ मेरे सोना रे सोना ...!

 -  ललिता जोशी
 मुनिरका एंक्लेव ,दिल्ली 

सोना एक प्राकृतिक क्रिया है । यदि व्यक्ति सही तरीके से सोता है उसका मन ,शरीर और मेटाबोलिज़्म सही रहता है । शरीर स्वस्थ तो मन स्वस्थ । सोना हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण है । दिन हैं काम करने के लिए और रात है सोने के लिए । आदमी को ढंग से सोना न मिले तो उसकी सेहत तो गई काम से। वैसे एक कीमती पीली धातु है जिसे सोना  कहते हैं ।वैसे जितनी कीमती ये सोना कही जाने वाली वस्तु है उतना ही कीमती है मनुष्य के लिए सोना । वैसे दोनों ही प्रकार का सोना बहुत महत्वपूर्ण है । दोनों को ही मनुष्य धारण करता है । दोनों ही मनुष्य जीवन के लिए अनमोल हैं । एक की कमी तो खरीद  कर पूरी की जा सकती है और दूसरे सोना कि अगर कमी हो जाए तो उसके लिए चिकित्सा की आवश्यकता पड़ती है । यानि बड़े ही यत्न और जत्न करने पड़ते हैं । इस सोने से ज्यादा  हम भारतियों को इस पीली धातु के प्रति विशेष लगाव और जुड़ाव है । इस पीली धातु को सोना कहा जाता है । आजकल सम्पूर्ण विश्व युद्ध की मार झेल रहा है । मंहगाई और बेरोजगारी अपने शिखर पर है । विश्वगुरु की अर्थव्यवस्था भी अस्त -व्यस्त और त्रस्त है । अभी अपने प्रधानमंत्री जी ने देशहित  में देशवासियों से कुछ अपील की इनमें से जो अपील सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बनी वो थी  कि  अब एक वर्ष तक शादी ब्याह में सोना न खरीदे । अरे मन की बात करने वाले हमारे प्रधानमंत्री जी ने देश की जनता से कहा कि वो देश की अर्थव्यवस्था को सेहतमंद बनाने के लिए नागरिकों से  सोना न खरीदने की अपील करी है  । देश की आम जनता तो हैरान -परेशान है कि अरे अब  किसके बूते की बात है कि आसमान छूती सोने की कीमतों के कारण कौन सोना खरीदना अब आसमान से सितारे तोड़ना जैसा हो गया  है । भारतीय महिलाओं के दिल पर राज करता है सोना । सोने के गहने तो प्रत्येक भारतीय नारी की पसंद है । जन्म से लेकर मृत्यु तक सोना आदमी के आस -पास ही रहता है । सोना विवाहित महिलाओं का स्त्रीधन है । निवेशकों के लिए निवेश की जानदार और शानदार धातु है ।  इसकी कीमतों में जो बुलंदी आई है उसके तो कहने ही क्या है  । ये ऐसी धातु है जिसे राजा और रंक दोनों ही बड़ी शिद्दत से चाहते हैं । सोना सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रतीक भी है । अपने देवी देवताओं के शृंगार में भी सोने के गहनों का प्रयोग किया जाता है । धार्मिक आस्था के प्रतीक देवालयों ,गुरुद्वारों में सोने का प्रयोग किया  जाता रहा है । सोना भव्य और दिव्य है ।  त्योहार हो  या फिर शादी सोने की उपस्तिथि तो आवश्यक है । सोने बिन शादी फीकी सी लगती है । अपने देश में कुछ शुभ तिथियाँ हैं जिन पर सोने जैसी कीमती धातुओं को खरीदना शुभ माना जाता है । अपने देश में सोना जनमानस की नस -नस में रचा और बसा हुआ है ।

ऐसे में मोदी जी ने एक साल तक  सोना खरीदने के लिए मना किया क्योंकि सोना आयात किया जाता है और इसके लिए विदेशी मुद्रा खर्च की जाती है । पश्चिम एशिया में चल रही वर्तमान परिस्थितियों के कारण अपने देश विदेशी मुद्रा भंडार को बचा कर रखें और रुपया मजबूत बने । देश की जनता को सोने की दृढ़ता पर भरोसा है । पश्चिम एशिया के संकट से पहले भी अक्सर रुपया  औंधे मुंह ही पड़ा रहता था या फिर चारों खाने चित्त । अब ये थोड़ा और ज्यादा गिर रहा है । अपने देश की जनता को गिरते हुए रुपए के साथ चलना आता है । अपने को आदत है गिरते हुए रुपए ,गिरते हुए मार्केट और गिरती हुई राजनीति के साथ रहने की मगर साहब एक सोना ही है , जो चढ़ता ही जा रहा है और अपनी बढ़त बनाए हुए  है । मानो सोना कह रहा हो ‘ कोई रोक सके तो रोक ले मेरी कीमत तो बढ़ती ही जाएगी ‘।

सोना न खरीदने की अपील से सर्राफा व्यापारी निराश हैं । लेकिन सोने की बुलंदी के कारण  सोने की खरीद में जब कमी आने लगी तो सोने के चतुर व्यापारियों ने पुराना सोना लाइये और नया ले जाइए की योजनाएँ चलाई और ये सफल भी हुई । इतना ही कम शुद्धता वाले सोने के जेवर भी आजकल प्रचलन में हैं । कम शुद्धता वाला हुआ तो क्या हुआ ,है तो सोना ही । सोने जैसा कोई नहीं ।

मोदी जी महिला शक्ति वंदन अधिनियम में महिलाओं के लिए सोना आरक्षण का प्रावधान भी  होना चाहिये । विश्व की सबसे बड़ी चौथी अर्थव्यवस्था और विश्वगुरु के नागरिक उनमें भी बेचारी  महिला नागरिक अपने पतियों को सोना कह कर काम चलाएंगी और गाएँगी :

ओ मेरे सोना रे सोना दे दूँगी जान जुदा मत होना रे ......

क्या करें अमीरों पर इसके खरीदने पर क्या कोई रोक लगा सकता है । रोक -टोक और अपील तो आम आदमी के लिए होती है । सर्राफा कारोबारियों पर असर पड़ेगा लेकिन वो भी इसका तोड़ निकाल ही लेगा । बड़े -बड़े व्यापारिक घरानों की महिलाएं सोना लादकर उत्सवों और शादियों में नज़र आती हैं वो भी ठसके के साथ । तब सरकार की उन पर नज़र क्यों नहीं पड़ती ? पिछले 70 सालों का हिसाब रख आलोचना करने वाली हमारी वर्तमान सरकार भी पिछली सरकार  के नक्शे कदम पर चल रही है ।  तो फिर पुरानी सरकार की आलोचना क्यों ? विकास ऐसा हुआ कि हम फिर से सत्तर साल पीछे हो गए ।ये विकास की कौन सी नई इबारत है ? टूटता है आम आदमी और उसके सपने । कुछ सुंदर विचार जैसे

अगर समय मिले तो

सोचना जरूर

कौन ज्यादा सुखी है ......

सोने की चैन वाला

या

चैन से सोने वाला

तो देशवासियों चैन सोना है तो सोने की चैन को मत खरीदना । मगर सोने के लिए तड़पती महिलाएं तो कहेंगी ही ‘ओ मेरे सोना रे , सोना रे ,सोना रे दे दूँगी जान जुदा मत होना रे मैंने तुझे जरा देर में जाना हुआ कुसुर खफा मत होना रे ओ मेरे सोना रे सोना ‘।

सोना तो अब खफा होकर सातवें आसमान पर जा पहुंचा है । आम आदमी की पहुँच से तो वो हमेशा से ही दूर रहा है । इसीलिए आम लोगों ने सोने की तरह दिखने वाले आभूषण को पहनना शुरू कर दिया है । ऐसे आभूषण विक्रेता अक्सर कहते हैं

“सोने से कम नहीं खोने का गम नहीं “

इसीलिए निश्चिंत होकर सोना पहनो और निश्चिंत होकर सोना ।

सोने की माया अपरमपार है !

 0

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post