ad

सूत्रधार संस्था का छठा वार्षिकोत्सव एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह हर्षोल्लासपूर्वक सम्पन्न


सूत्रधार संस्था का छठा वार्षिकोत्सव एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह हर्षोल्लासपूर्वक सम्पन्न 

हैदराबाद। सूत्रधार साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था, हैदराबाद, भारत द्वारा आयोजित छठा वार्षिकोत्सव, दीपावली मिलन और पुस्तक लोकार्पण समारोह डीआरडीओ टाउनशिप, कंचनबाग में हर्षोल्लास पूर्वक सम्पन्न हुआ। आज जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संस्थापिका सरिता सुराणा ने सभी सम्मानित अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया। मौलाना आजाद उर्दू विश्वविद्यालय, हैदराबाद के परामर्शदाता प्रो. ऋषभदेव शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उस्मानिया विश्वविद्यालय की पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. शुभदा वांजपे मुख्य अतिथि के रूप में मंचासीन हुईं। असिस्टेंट डायरेक्टर ऑफ प्रोग्राम आकाशवाणी हैदराबाद की श्रीमती सीमा कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में और तेलंगाना हिन्दी साहित्य भारती के अध्यक्ष डॉ.राजीव सिंह 'नयन' सम्मानित अतिथि के रूप में मंचासीन थे। तीन पुस्तकों की लेखिका वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती किरन सिंह मंच पर उपस्थित थीं।
मंचासीन अतिथि गणों, ओम कुमार सिंह और संस्था अध्यक्ष ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। श्रीमती शुभ्रा मोहन्तो ने सुमधुर स्वर में महाकवि निराला रचित सरस्वती वन्दना प्रस्तुत की।
सरिता सुराणा ने स्वागत सम्बोधन एवं संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि संस्था अपनी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के छः वर्ष पूर्ण करके सातवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। संस्था अपने 5 उद्देश्यों को लेकर आगे बढ़ रही है - साहित्य, कला, संस्कृति, शिक्षा एवं समाज सेवा। इन सभी उद्देश्यों की पूर्ति हेतु संस्था द्वारा समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विभिन्न फीचर शृंखलाएं नियमित रूप से जारी हैं। अब तक 459 ऑनलाइन और अनेक ऑफलाइन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। शिक्षा सहायता योजना के अन्तर्गत संस्था द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को नकद सहायता राशि एवं पुस्तकें प्रदान की जाती है। समाजसेवा के अन्तर्गत ग्रीष्म ऋतु में छाछ वितरण और अन्य सेवा कार्य किए जाते हैं। स्वागत के पश्चात् संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा मंचासीन अतिथियों का शाॅल और मोती माला से सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के अगले चरण में डाॅ. रक्षा मेहता ने श्रीमती किरन सिंह के काव्य संग्रह- 'उड़ान मन पंखों की' का समीक्षात्मक परिचय प्रस्तुत किया। अन्य दो बाल काव्य संग्रह - गुनगुनाता बचपन और क्या मैं कान्हा बन सकता हूँ? का परिचय क्रमशः डॉ. सुरभि दत्त और श्री सुहास भटनागर ने दिया। तत्पश्चात् मंचासीन अतिथियों और सिंह परिवार के सदस्यों द्वारा एक-एक करके तीनों पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। श्रीमती किरन सिंह ने लेखकीय उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने गृहस्थ जीवन में व्यस्त होते हुए भी लेखन कार्य जारी रखा। उनके पतिदेव ठहरे वैज्ञानिक, वे उनकी रचनाएं कभी मन से और कभी बेमन से सुनते लेकिन रिटायरमेंट के बाद उन्होंने उनका पूरा साथ दिया और उसी का परिणाम है कि आज उनकी तीन पुस्तकों का लोकार्पण हुआ है। उनके सम्बोधन के पश्चात् संस्था द्वारा उनका और तीनों समीक्षकों का, शुभ्रा मोहन्तो और तृप्ति मिश्रा का सम्मान किया गया। अवसर पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से एवं सिंह परिवार के मित्रों और शुभचिन्तकों द्वारा लेखिका का सम्मान किया गया।
स्वर कोकिला शुभ्रा मोहन्तो ने किरन सिंह की पुस्तक से एक रचना की सस्वर प्रस्तुति दी। 
तत्पश्चात् डॉ. राजीव सिंह ने अपने सम्बोधन में संस्था के वार्षिकोत्सव पर बधाई देते हुए संस्था के समाज सेवा और शिक्षा कार्यों की प्रशंसा की और किरन सिंह को पुस्तकों के लोकार्पण हेतु बधाई दी। श्रीमती सीमा कुमारी ने कहा कि वे लेखिका तो नहीं हैं लेकिन उनकी हिन्दी साहित्य में रुचि है। हिन्दी भाषा और साहित्य ने उन्हें मीडिया में भी अच्छी प्रतिष्ठा दिलाई है। डॉ शुभदा वांजपे ने अपने सम्बोधन में कहा कि वे सूत्रधार संस्था के इस वार्षिकोत्सव समारोह में शामिल होकर बहुत गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। तीन पुस्तकों के लोकार्पण हेतु उन्होंने लेखिका को हार्दिक बधाई दी।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर ऋषभदेव शर्मा ने कहा कि संस्था की संस्थापिका ने अपनी पाँचों अंगुलियों में पाँच सूत्र पकड़ रखे हैं। आज के परिप्रेक्ष्य में एक अच्छा इंसान और अच्छा नागरिक बनने हेतु इन पाँच सूत्रों की महती आवश्यकता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी रचनाकारों को, लेखिका किरन सिंह को बधाई दी और कहा कि आज के समय में भी बच्चों के सम्पूर्ण विकास में बाल साहित्य की भूमिका अहम है। किरन जी ने अपने अध्यापन काल के दौरान बच्चों के साथ बिताए हुए समय का सदुपयोग करते हुए इन बाल कविताओं की रचना की है। यह निश्चित रूप से अभिनन्दनीय है। सुहास भटनागर ने सभी का आभार ज्ञापित किया। सरिता सुराणा ने कार्यक्रम के सफल संयोजन हेतु सिंह परिवार का विशेष आभार व्यक्त किया। तृप्ति मिश्रा ने कुशलतापूर्वक कार्यक्रम का संचालन किया। 
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के जाने-माने साहित्यकार और संस्था के सदस्य गण उपस्थित थे। खुशबू सुराणा, अंशु श्री सक्सेना, दर्शन सिंह, आर्या झा, सुनीता लुल्ला, डॉ आशा मिश्रा, श्रुतिकांत भारती, के राजन्ना, डॉ अर्चना पाण्डेय, विभा श्रीवास्तव, अभिषेक, अस्मिता रिछारिया, श्री कार्तिक, श्रीमती गीता अग्रवाल, के. पी. अग्रवाल, आलोक कुमार सक्सेना, अमित झा, प्रदीप कुमार दत्त, श्री मोहन्तो और डीआरडीओ के वैज्ञानिक और उनके परिवार जन उपस्थित थे। प्रीतिभोज के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

रिपोर्ट 
सरिता सुराणा 
संस्थापिका 
'सूत्रधार साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था' 
हैदराबाद
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post