कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान
दिल्ली । आओ, हम सब मिलकर अपनी मां और प्रकृति के प्रति अपना कर्तव्य निभाएं। मां और प्रकृति, दोनों ही परस्पर रूप से जुड़े हुए हैं। प्रकृति का संतुलन बिगड़ने से मानव जीवन पर गहरा असर पड़ता है। राष्ट्रीय सेवा योजना, कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज का ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान इस दिशा में एक सराहनीय पहल है। इस अभियान में शामिल होकर हम एक हरा-भरा भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। एक पौधा लगाकर हम न केवल अपनी मां को समर्पित करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक बेहतर दुनिया का निर्माण करते हैं।
इस अभियान का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. इंद्रजीत डागर ने पौधा लगाकर किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर महाविद्यालय की इकाई ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनुराग अग्निहोत्री ने बताया कि महाविद्यालय की एनएसएस इकाई प्रत्येक स्वयंसेवक को एक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इस पहल के साथ ही प्रोजेक्ट वर्णिकरण 2.0 का शुभारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत 500 पेड़ लगाने का संकल्प भी लिया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना, कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज के अध्यक्ष शिवम कुमार, उपाध्यक्ष काव्या वार्ष्णेय, और निदेशक, प्रोजेक्ट विंग, दिव्यम मेहता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अभियान के दौरान, छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार-विमर्श किया और पौधों की देखभाल के लिए विभिन्न तकनीकों को सीखा। उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ली कि वे इस पहल को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
.jpg)
