ad

निरोग रहने की अलख जगा रही है आरोग्य भारती: यादव


 निरोग रहने की अलख जगा रही है आरोग्य भारती: यादव

-आरोग्य भारती के अभा प्रतिनिधि मंडल सम्मेलन का शुभारंभ

-स्वास्थ्य संसाधनों को बढ़ावा देने इसी वर्ष होंगी 42 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती

ग्वालियर। स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है। धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष का मूल आरोग्य है। जीवन में आरोग्य नहीं तो सब सुख-सुविधाएं व्यर्थ हैं। हमारे यहां पहला सुख निरोगी काया को ही माना जाता है। हमारे ऋषि-मुनियों ने भी स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का मार्ग दिखलाया है। अव्यवस्थित दिनचर्या की वजह से ही कई बीमारियां हमें घेर लेती हैं, लेकिन आरोग्य भारती इस बात की अलख जगा रही है कि कोई बीमार ही नहीं हो। अगर कोई बीमार पड़े तो हम अपनी मूल अवधारणा के बलबूते स्वस्थ रहें। इस बैठक से जो भी अमृत रूपी निष्कर्ष या नवाचार निकलेगा उसे सरकार भी अपनाने के लिए तैयार है। 

यह बात मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शनिवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्व विद्यालय ग्वालियर के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित दो दिवसीय आरोग्य भारती के अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में वर्चुअली रूप से कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने की। विशिष्ट अतिथि आयुष मंत्रालय भारत सरकार के आयुर्वेद सलाहकार डॉ.कौस्तुभ उपाध्याय थे। इस अवसर पर नेशनल इंस्टिट्यूट सोवा रिंग्पा लद्दाख के निर्देशक डॉ.पदमा गुरमेत, आरोग्य भारती के संरक्षक डॉ.प्रवीण भावसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.राकेश पंडित, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.बीएन सिंह भी मंचासीन रहे। मुख्यअतिथि मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने आरोग्य भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन दो दशक से देश के 871 जिलों में स्वस्थ राष्ट्र के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भी चिकित्सा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। नीमच, मंदसौर और सिवनी में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो गए हैं। इसके अलावा भारत सरकार के माध्यम से हमारे यहां पांच नए आयुर्वेदिक कॉलेज भी मंजूर हुए हैं। इसके अलावा 12 प्राइवेट मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया है।  मप्र के सभी संभागों में मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। हम स्वास्थ्य संसाधनोंं का बढ़ावा देने के लिए इसी वर्ष 42 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती करेंगे। कार्यक्रम के प्रारंभ में धन्वंतरि स्तवन आरोग्य भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य भोलानाथ जी ने किया। अतिथियों का परिचय आरोग्य भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉ.प्रशांत गुप्ता ने दिया। स्वागत भाषण संस्था के मध्यभारत प्रांत के अध्यक्ष डॉ.सत्य प्रकाश बत्रा ने दिया। आरोग्य भारती की गतिविधियों पर डॉ.राकेश पंडित ने प्रकाश डाला। अतिथियों का स्वागत डॉ.एएस भल्ला, डॉ.राहुल सप्रा, अशोक तिवारी, डॉ.अंजलि रायजादा, डॉ.अजीत शर्मा, डॉ.रमन कैग ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ.दिव्या दीक्षित एवं आभार आरोग्य भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉ.टीएन मंजूनाथ ने किया। 

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जी सोनी, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीधर पराडक़र, आरोग्य भारती के संगठन सचिव डॉ.अशोक कुमार वाष्र्णेय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंदापुरकर, मध्य भारत प्रांत के प्रांत प्रचारक विमल गुप्ता, पूर्व राज्यपाल प्रो.कप्तान सिंह सोलंकी, विधायक मोहन सिंह राठौर, नवल शुक्ला, कुलपति डॉ.अरविंद कुमार शुक्ला, कुलसचिव अनिल सक्सेना, विजय दीक्षित, मुनेंद्र कुशवाह, डॉ.मधुसूदन देशपांडे, मिहिर कुमार जी, किशोर सोनी, डॉ.भास्कर भट्ट, डॉ.मंजीत कौर भल्ला, आयोजन समिति के सह सर्व व्यवस्था प्रमुख जेपी शर्मा, स्नेहलता दुबे, जिला योग प्रभारी दिनेश चाकणकर,मीडिया विभाग प्रमुख राहुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।

योगाचार्य पं.दामोदर लाल शर्मा को मिला स्व.माधराव धाक्रस स्वस्थ जीवनशैली पुरस्कार 

उद्घाटन समारोह में 96 वर्षीय योगाचार्य पं.दामोदर लाल शर्मा को स्व.माधराव धाक्रस स्वस्थ जीवनशैली पुरस्कार से अलंकृत किया गया। साथ ही आरोग्य भारती की स्मारिका आरोग्यम फलदायकम का विमोचन किया गया। इसके अलावा आरोग्यम संपदा विशेषांक भारतीय स्वास्थ्य चिंतन पत्रिका, आरोग्य भारती डायरी एवं आरोग्य भारती के कैलेंडर का विमोचन किया गया

भारत को बीमारी से मुक्त करने में जुटी है आरोग्य भारती: तोमर

मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने आरोग्य भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन बीमारी रहित भारत के निर्माण में जुटा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए परंपरागत एवं आयुर्वेदिक पद्धति की खासियत पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। 

आज होगा समापन

दो दिवसीय आरोग्य भारती के अखिल भारतीय प्रतिनिधि मंडल सम्मेलन का समापन 22 सितंबर को प्रात: 10 बजे होगा। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post