देवी अहिल्या के महान, प्रेरणादायी जीवन पर व्याख्यान माला का आयोजन हुआ
इटारसी । लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जन्मजयंती का यह तीन सौवां वर्ष है। इस उपलक्ष्य में साल भर राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रकार के आयोजन किये जायेंगे। विद्याभारती पूर्व छात्र परिषद मध्यभारत द्वारा 01 से 15 जनवरी के बीच पूरे प्रांत में लगभग 2000 से अधिक स्थानों पर पुण्यश्लोक देवी अहिल्या के महान, प्रेरणादायी जीवन पर व्याख्यान माला का आयोजन किये जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज नगर के शासकीय सीएम राइज़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परिषद के विभाग संयोजक श्री अभिषेक तिवारी द्वारा विद्यार्थियों के समक्ष देवी अहिल्या के विभूतिकल्प व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार रखे गये। विद्यालय प्राचार्य श्री एन०पी० चौधरी, उपप्राचार्य श्री उपेंद्र साहू, सरस्वती शिशु मंदिर प्राचार्य श्री बृजबिहारी त्रिपाठी सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
वहीं ग्राम जमानी स्थित कस्तूरबा विद्या मंदिर में परिषद के नगर संयोजक श्री सौरभ दुबे द्वारा व्याख्यान दिया गया। विद्यालय संचालक श्री सुभाष दुबे एवं सभी विद्यार्थियों सहित शिक्षक गण इस कार्यक्रम के सहभागी बने। परिषद द्वारा दोनों स्थानों पर विद्यालय परिवार को विद्याभारती मध्यभारत प्रान्त संगठन मंत्री श्री निखलेश माहेश्वरी द्वारा लिखित पुस्तक "राष्ट्रसेविका माँ अहिल्याबाई होल्कर" की प्रति भेंट की गई।
15 जनवरी तक नगर के अन्य स्थानों पर भी यह कार्यक्रम होगा। उल्लेखनीय है कि कई प्रकार की सामाजिक, सांस्कृतिक व बौद्धिक गतिविधियों में सक्रिय विद्याभारती पूर्व छात्र परिषद विश्व का सबसे बड़ा पूर्व छात्रों का संगठन (एलुमनाई एसोसिएशन) है जिसके 01 करोड़ से अधिक पंजीकृत सदस्य हैं।