सरोकार :
पाकिस्तान पर स्ट्राइक : अब यह हो निर्णायक
- डॉ. चन्दर सोनाने ,उज्जैन
पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारत ने 6 और 7 मई की आधी रात को पाकिस्तान पर स्ट्राइक कर 26 निर्दोषों की हत्या का बदला लेना शुरू कर दिया। भारतीय सेना ने पहलगाम की बैसरन घाटी में भारत की बेटियों का सुहाग उजाड़ने वाले निर्मम आतंकियों के खात्मे का ऑपरेशन सिंदूर अंजाम देकर न सिर्फ जबरजस्त बदला लिया है, बल्कि हमारी सेनाओं ने यह साबित भी कर दिखाया है कि वो दुनिया कि श्रेष्ठतम सेनाओं में एक है। भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के अन्तर्गत पाकिस्तान के 9 प्रमुख आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूत कर दिया। ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। और यह तब तक जारी रहना चाहिए, जब तक की भारत के सामने पाकिस्तान घुटने न टेक दें। अब यह निर्णायक होना चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर के लिए भारत की तीनों सेनाओं थल, जल और नभ के जाबाज सैनिकों को सलाम। सलाम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को और उनकी सरकार को भी, जिन्होंने इतना सख्त फैसला लेकर पाकिस्तान को सबक सिखाने की ठानी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी मसूद अजहर, हाफिज सईद, अब्दुल रऊब आदि आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। इस पर हर भारतीय को गर्व है।
ऑपरेशन सिंदूर का शौर्य पूरी दुनिया ने देखा। भारत ने यह भी दिखा दिया कि हम शांतिपूर्वक रहना और जीना चाहते हैं। किन्तु हमें कोई छेड़ेगा, उसे छोड़ेंगे भी नहीं। ऑपरेशन सिंदूर के अन्तर्गत पाकिस्तान में करीब 100 किलोमीटर अन्दर तक 9 आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर आतंकियों को मार गिराया। भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई स्ट्राइक से पूरे पाकिस्तान में कोहराम मच गया है। पाकिस्तान में लाहौर से करांची तक किए गए धमाकों ने पाकिस्तान को भारत के शौर्य से परिचित करा दिया है।
भारत ने लाहौर में पाक का एयर डिफेंस सिस्टम उड़ा दिया है और नौसेना ने करांची में अनेक धमाके कर दिए है। ऑपरेशन सिंदूर में आतंक के नौ अड्डे तबाह होने से बौखलाए पाकिस्तान भारत के सैन्य ठिकानों और नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान ने भारत के अनेक जगहों पर हमलों की कोशिश की परन्तु हमारे सुदर्शन ने उसे नाकाम कर दिया। पाकिस्तान में चारो ओर खौफ है। इस सैन्य अभियान में भारत की तीनों सेनाओं द्वारा एकजुट होकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। इससे पाकिस्तान में भय व्याप्त हो गया है।
इस बीच भारत सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी राजनैतिक दलों को पाकिस्तान में किए गए ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी। सभी प्रमुख राजनैतिक दलों ने सैन्य अभियान का समर्थन दिया और राष्ट्रीय सुरक्षा पर सभी दलों ने एकजुटता प्रकट करते हुए सरकार के कार्य का समर्थन किया। इस प्रकार पाकिस्तान को ही नहीं दुनिया को भारत ने दिखा दिया है कि संकट के समय पूरा भारत एक है। ऑपरेशन सिंदूर की पूरी जानकारी दुनिया को देने के लिए हमारे सेना की दो काबिल महिला अफसरों कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह को सौंपी गई। यह करके भारत ने एक सफल कूटनीतिक संकेत भी दुनिया को दे दिया है।
सन 1947 में पाकिस्तान के बनने के बाद से ही वहाँ के सभी राजनैतिक दलों की भारत विरोधी नीति ही मूल आधार बनी। भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष का लंबा इतिहास है। इस कारण भारत पाकिस्तान के बीच गत 78 वर्षों के दौरान 4 युद्ध और 3 स्ट्राइक हुई। अक्टूबर 1947 में भारत-पाकिस्तान के बीच पहला युद्ध हुआ। भारत के विभाजन के बाद जम्मू कश्मीर के महाराजा हरिसिंह ने भारत के साथ विलय किया। पाकिस्तान समर्थित कबाइलियों ने कश्मीर पर आक्रमण किया। भारतीय सेना ने कबाइलियों को खदेड़ा। जनवरी 1949 में संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थ्ता से संघर्ष विराम हुआ। कश्मीर को नियंत्रण रेखा ( एलओसी ) के आधार पर विभाजित किया गया।
अगस्त 1965 में भारत- पाक का दूसरा युद्ध हुआ। यह युद्ध 17 दिन तक चला। सोवियत संघ और अमेरिका की मध्यस्थता से सितम्बर 1965 में संघर्ष विराम हुआ। दिसम्बर 1971 में पाकिस्तान के पूर्वी प्रान्त ( अब बांग्लादेश ) में स्वतंत्रता संग्राम चल रहा था। भारत ने बांग्लादेश की मुक्ति के लिए पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की। 16 दिसम्बर 1971 को पाकिस्तान ने आत्मसमर्पण किया। बांग्लादेश स्वतंत्र राष्ट्र बना। सन 1984 में भारत-पाकिस्तान के बीच सियाचिन संघर्ष हुआ। भारत ने ऑपरेशन मेघदूत के तहत सियाचिन पर नियंत्रण हासिल किया। इसमें भी भारत को विजयश्री मिली।
मई 1999 में भारत-पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध हुआ। भारत ने ऑपरेशन विजय के तहत जवाबी कार्रवाई की और 26 जुलाई 1999 को युद्ध समाप्त हुआ। पाकिस्तान में 28-29 सितम्बर 2016 को जम्मू कश्मीर के ऊरी में भारतीय सेना के बेस पर आतंकी हमला किया। भारत ने नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक की और पाकिस्तान के आतंकी लाँच पैड को ध्वस्त किया। 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान ने पुलवामा में हमला किया। भारतीय सेना ने बालाकोट में एयर स्ट्राइक की और देश के प्रशिक्षण शिविर को ध्वस्त किया।
इस प्रकार भारत पाकिस्तान के बीच 1947 से अभी तक 4 युद्ध और 3 स्ट्राइक की गई, जिसमें हमेशा भारत को विजयश्री मिली। किन्तु लगता है पाकिस्तान ने इससे अभी तक कोई शिक्षा नहीं ली और आतंकी कार्रवाई लगातार करता रहा। अब समय आ गया है कि भारत को अपनी पूरी ताकत दिखाना होगी और पाकिस्तान को ऐसी शिक्षा देना है कि वह दशकों तक उठ नहीं पाए। पूरा देश सेना के साथ है। देशवासियों को सेना पर गर्व है। अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को भारत के सिंदूर का शौर्य दिखा ही दिया जाए ! और वह निर्णायक होना चाहिए।
......................000......................