इटारसी से सलकनपुर तक निकलेगी साइकिल रैली
इटारसी। स्वास्थ्य और पर्यावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिलिंग ब्रदर्स इटारसी ग्रुप के द्वारा पेडल पॉवर साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 27 सितंबर 2025, शनिवार को होगा।
साइकिल रैली की शुरुआत बूढ़ी माता मंदिर से सुबह 6 बजे होगी। ग्रुप के सदस्य पंकज राउत ने बताया कि रैली बूढ़ी माता मंदिर से प्रारंभ होकर भीलाखेड़ी, डोलरिया, धमासा, चौतलाय, आंवलीघाट होते हुए सलकनपुर पहुंचेगी। आने जाने में लगभग 100 किमी की दूरी साइकिलिस्ट तय करेंगे। ऐसे साइकिल चालक जो लंबी दूरी तय नहीं कर सकते हैं, वे 5 या 10 किमी से वापस लौट सकते हैं। रैली में आने वाले साइकिल चालकों को थकान होने पर बाइक से जाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। इससे रोटेशन में थोड़ी थोड़ी दूरी तक सभी साइकिल चला सकते हैं। साइकिलिंग ब्रदर्स ग्रुप के संयोजक सौरभ दुबे ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें सक्रिय जीवन शैली अपनाने हेतु प्रोत्साहित करना है। इसीलिए आम जन को लंबी दूरी से भयभीत न होते हुए साइकिल रैली में जरूर शामिल होना चाहिए। जितना सामर्थ्य हो उतनी साइकिल चलाते हुए रैली में भाग लेने का विकल्प खुला हुआ है। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 7999323187 पर संपर्क कर सकते हैं।
.jpg)
