विद्याभारती का जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव सम्पन्न
08 विद्यालयों के 167 से अधिक प्रतिभागियों ने 19 विधाओं में दिखाई कला एवं सृजनशीलता
इटारसी। विद्याभारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकंडरी स्कूल, मालवीयगंज में दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव का रंगारंग समापन हुआ।
इस अवसर पर पूरे जिले के 08 सरस्वती शिशु मंदिर स्कूलों से आए 167 से अधिक छात्र-छात्राओं ने गायन, वादन, नृत्य, नाटक, मूर्तिकला, चित्रकला, रंगोली, प्रश्नमंच और तात्कालिक भाषण जैसी कुल 19 विधाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
महोत्सव का उद्घाटन एच. एल. अग्रवाल और राधिका चौधरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। समापन सत्र में प्रतिष्ठित व्यवसायी व गायक शशांक बैसाखिया तथा विद्यालय की पूर्व छात्रा एवं सुप्रसिद्ध फैशन डिज़ाइनर अंकिता चंद्रवंशी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ निर्णायकों ने सभी प्रस्तुतियों का निष्पक्ष और रचनात्मक मूल्यांकन कर श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व और रचनात्मक सोच को निखारने के साथ उन्हें समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए तैयार करते हैं।
समिति उपाध्यक्ष एवं विद्याभारती सह जिला प्रतिनिधि अभिषेक तिवारी ने कहा:
“सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण की कार्यशाला हैं। इनसे बच्चों में संगठन, अनुशासन और राष्ट्रभावना विकसित होती है, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।”
चयनित प्रतिभागी अब आगामी संभागीय और प्रांतीय प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे और यहाँ से विजयी विद्यार्थी अगले महीने होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महोत्सव में सौरभ उपाध्याय (विभाग समन्वयक), अशोक कुमार दुबे (संयोजक), प्राचार्य रविशंकर यादव सहित नर्मदाप्रसाद मालवीय, प्रतापसिंह राजपूत, राजकुमार पटेरिया, रामगोपाल शर्मा, योगेश शुक्ला, रजनी मालवी, देवेंद्र सैनी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
.jpg)
