वार्ड 26 में सड़क निर्माण का भूमिपूजन, विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना
: कहा, हम काम करते हैं, वे प्रेसवार्ता
: प्रेसवार्ता करने वालों पर सीआईडी जांच चल रही है
इटारसी। वार्ड क्रमांक 26 में हनुमान मंदिर के पास सड़क निर्माण का भूमिपूजन आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा उपस्थित रहे।
भूमिपूजन से पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा, 9 लाख रुपये से रोड का निर्माण हो रहा है। सड़क चौड़ी करनी है। अध्यक्ष जी ने अपने वार्ड में भी चबूतरे तोड़े हैं, यहां भी व्यवस्थित करेंगे। विधायक ने कहा आपने 75 साल बाद तीन पार्षद दिए हैं। आप जानते हैं कि कांग्रेस के समय नाला मोहल्ला के नाम से ही जाना जाता था, अब वीर भगत सिंह नगर नाम है। नपा में सरकार तो उनकी भी थी, राज्य में भी उनकी सरकारें थीं, लेकिन काम कुछ नहीं हुआ। अब हम काम कर रहे हैं, जबकि वे केवल प्रेस वार्ता करते हैं। एक अमोल उपाध्याय हैं, जिनकी सीआईडी जांच चल रही है। पंकज दादा (राठौर) अच्छे हैं लेकिन बदमाशों में फंस गए। उनके बड़े भाई वर्तमान में चुप हैं, राशन घोटले में जांच चल रही है। एक महेश भाई (आर्य) हैं। पुराने जमाने में नेता सीमेंट गिट्टी खा जाते थे, ये वही थे। पार्षद भी थे और सड़क बनाते थे। इसलिए खोजनी पड़ती है कि कहां सड़क बनाई। आप ध्यान रखें, दो साल बाद नपा के चुनाव हैं। अगर तीन पार्षद नहीं देते तो पंकज जी अध्यक्ष नहीं बन पाते।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा, वार्ड 24, 25, 26 में कुल 1.33 करोड़ रुपये के काम हुए हैं, जिसमें 26 नंबर वार्ड में 51 लाख रुपये के कार्य हुए और जारी हैं। उन्होंने कहा अपने चबूतरे अंदर रखें, स्पीड ब्रेकर न बनाएं और नाली में सड़क का पानी जाने दें। अगर सड़क पर पानी रुका तो हमें सीआरएम डालनी पड़ती है। निर्माण कार्यों की निगरानी और निरीक्षण करें।
भूमिपूजन में वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अठोत्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, मंडल अध्यक्ष ग्रामीण गोकुल पटेल, स्थानीय पार्षद कुंदन गौर, नाजिया बेग, शुभम गौर, मंजीत कलोसिया, जिमी कैथवास, रवि तिवारी, कमलेश गौर सहित अन्य मौजूद थे।
.jpg)
