अमृत संचय अभियान के तहत जल समितियों के सदस्यों को प्रशिक्षित किया
खण्डवा। मिशन अमृत संचय अभियान के लिए गठित जल समितियों के सदस्यों को जल संरक्षण और रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने हेतु जनजागरूकता के लिए विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय स्तर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में खंडवा नगर निगम के वार्ड 21 से 35 तक के पार्षदों एवं जल समितियों के सदस्यों को बुधवार को एसएन कालेज सभागृह में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान श्री केबी मंसारे, डॉ. विवेक केशरे एवं श्री कमल बख्तपुरे ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जल संग्रहण का महत्व बताया। इस दौरान श्री मंसारे ने बताया कि हर वर्ष भूजल स्तर लगातार गिरता जा रहा है, अतः हमें आज से ही पानी बचाने के लिए विशेष प्रयास करना होंगे। प्रशिक्षक श्री केसरे ने कहा कि पानी बचाने की दिशा में हम अभी नहीं जागे, तो बहुत देर हो जाएगी। उन्होंने जल समितियों के सदस्यों से कहा कि गांव-गांव में पानी का महत्व बतायें और सभी से वर्षा का पानी बचाने की अपील करें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों कोे वर्षा जल संचयन की शपथ दिलाई गई।
.jpg)
