इटारसी बंद रहा,भगवान झूलेलाल के अपमान करने वाले का मुंह काला करने वाले को ईनाम की घोषणा
भगवान झूलेलाल पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भड़के सिंधी समाज के एक हजार से ज्यादा सदस्यों ने निकाली आक्रोश रैली
इटारसी। अमित बघेल पर एफआईआर की मांग को लेकर आज इटारसी सिंधी समाज सड़कों पर उतर आया। पुलिस को ज्ञापन सौंपा गया। छत्तीसगढ़ निवासी जोहार पार्टी प्रमुख अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज के इष्ट देव भगवान श्रीझूलेलाल और संपूर्ण सिंधी समाज पर की गई कथित अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में इटारसी का सिंधी समाज उग्र हो गया है। पूज्य पंचायत इटारसी सिंधी समाज ने आज 3 नवंबर को अपनी सारी दुकानें बंद रखीं और एफआईआर की मांग को लेकर एक ज्ञापन राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम एसडीओपी और टीआई को दिया। रैली में सिंधी समाज के लगभग एक हजार से ज्यादा लोगों ने आक्रोशित होते हुए अमित बघेल पर कठोर कार्रवाई की मांग की। सिंधी समाज की इस आक्रोश रैली को समर्थन देने जयस्तंभ चौक पर गुरुद्वारा श्री गुरुसिंघ सभा ने भी,सिख समाज के अनेक सदस्यों ने भी अपना समर्थन देते हुए कठोर कार्रवाई की बात कही। सिंधी समाज की इस आक्रोश रैली को ब्राह्मण समाज एवं मुस्लिम समाज ने भी अपना समर्थन देते हुए प्रशासन से अमित बघेल पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल सहित अन्य पूजनीय महापुरुषों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर आज सोमवार को इटारसी में सिंधी समाज ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने आक्रोश रैली निकाली। पुतला दहन किया और बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करते थाने पहुंचे। भगवान श्रीझूलेलाल पर अमित बघेल द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में पूज्य पंचायत सिंधी समाज द्वारा बीती रात जनरल मीटिंग का आयोजन भगवान झूलेलाल मंदिर प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से अमित बघेल पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही गई।
बाजार बंद, आक्रोश रैली और पुतला दहन
विरोध प्रदर्शन के चलते सुबह से ही सिंधी कॉलोनी और आसपास के बाजारों में सिंधी समाज के प्रतिष्ठान बंद रहे। समाज के लोगों ने सिंधी कॉलोनी सिंधु भवन से जयस्तंभ चौक तक आक्रोश रैली निकाली। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने 'अमित बघेल मुर्दाबाद और 'भगवान झूलेलाल अमर रहें जैसे नारे लगाए। जयस्तंभ चौक पर सिंधी समाज ने अमित बघेल के पुतले को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसका दहन किया।
दोपहर बाद एसडीओपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा और टीआई गौरव बुंदेला के आश्वासन पर ही दुकानें खोली गईं। एसडीओपी ने समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा कर अमित बघेल के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। पुतला दहन के बाद प्रदर्शनकारी थाना इटारसी पहुंचे और एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि अमित बघेल लगातार भगवान झूलेलाल, महाराज अग्रसेन,डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय जैसे पूजनीय व्यक्तित्वों पर अशोभनीय टिप्पणी कर रहे हैं। समाज ने अमित बघेल पर रासुका के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान कुछ समाजजनों ने अमित बघेल का मुंह काला करने वाले को 1 लाख एक रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर सभापति राकेश जाधव ने अमित बघेल के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसा व्यक्ति क्षमा योग्य नहीं हो सकता। यदि कोई अमित बघेल का मुंह काला कर जूतों की माला पहनाएगा तो वह अपनी तरफ से ५१ हजार रुपए नकद प्रदान करेंगे। श्री जाधव ने चेतावनी भरे सख्त लहजे में कहा कि अगर अमित बघेल इटारसी आता है तो मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि वह अपने पैरों पर चलकर वापस नहीं जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाज के अध्यक्ष धर्मदास मिहानी, सचिव मनीष वसानी, कोषाध्यक्ष विजय परवानी, कैलाश नवलानी, मोहन मोरवानी, गोपाल सिद्धवानी, श्याम शिवदासानी,मोहनलाल चेलानी, भोजराज मूलचंदानी, राहुल चेलानी, अनिल मिहानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।
इनका कहना है...
सिंधी समाज की शिकायत प्राप्त हो गई है, कुछ ऑडियो भी सौंपे गये हैं,ज्ञापन राज्यपाल और मुख्यमंत्री के यहां भेजा जाएगा। मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील है।
- वीरेन्द्र मिश्रा, एसडीओपी
.jpg)
