मधुमेह जागरूकता शिविर सम्पन्न - स्वस्थ जीवन की ओर एक सार्थक पहल
इटारसी। विश्व मधुमेह दिवस (14 नवम्बर) के अवसर पर विद्याभारती पूर्वछात्र परिषद, इटारसी द्वारा निःशुल्क मधुमेह जागरूकता, जाँच एवं परामर्श शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, एसबीआई के पास, इटारसी में सम्पन्न हुआ।
शिविर का शुभारंभ डॉ ताविश अरोरा (MD), मुख्य अतिथि एवं पूर्वछात्र श्री पंकज जैन (महावीर ज्वेलर्स), कार्यक्रम अध्यक्ष एवं समिति सचिव श्री कल्पेश अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि श्री राहुल जैन (वर्धमान मेडिकल) द्वारा माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में नगर के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. ताविश अरोरा (M.D., मधुमेह विशेषज्ञ) ने निःशुल्क मधुमेह जाँच, परामर्श एवं स्वास्थ्य मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर में 22 वर्ष से 90 वर्ष की आयु के कुल 118 नागरिकों ने जाँच करवाकर परामर्श लिया, जिसमें युवाओं से लेकर वरिष्ठजन तक बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
अंत में सभी उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए डॉ. अरोरा ने मधुमेह से बचाव हेतु स्वस्थ जीवनशैली, नियमित दिनचर्या, संतुलित आहारचर्या तथा समय-समय पर आवश्यक जाँच के महत्व को विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि मधुमेह रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और अनुशासित जीवनशैली है।
विद्या भारती पूर्वछात्र परिषद के संभाग प्रमुख श्री अभिषेक तिवारी एवं इस कार्यक्रम के संयोजक श्री सौरभ दुबे, श्री सौरभ शर्मा, श्री छविराज सोनी सहित अन्य साथियों ने शिविर में पधारे सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य-सेवा एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
.jpg)
