ब्रजकिशोर पटेल के मार्मिक अभिनय से सजी हारर/कामेडी फिल्म का प्रदर्शन इटारसी में भी शीघ्र होगा
इटारसी। नर्मदांचल इटारसी के राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि/नाट्य कलाकार और पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी ब्रजकिशोर पटेल के मार्मिक अभिनय से सजी हारर/कामेडी फिल्म के विशेष शो इंदौर के सपना संगीत टाकीज, सतना के A4 सिनेमाघर और छतरपुर के जे पी सिनेमाघर में आयोजित किये गये। ओम शिवाय फिल्म्स के बैनर तले बनी निर्माता हरिनारायण चौरसिया की इस फिल्म को दर्शकों ने देखा है वे फिल्म की कहानी, निर्देशक मनीष वर्मा के फिल्मांकन और मुख्य पात्रों के अभिनय की मुक्तकंठ से प्रशंसा कर रहे हैं।
इटारसी के ब्रजकिशोर पटेल ने फिल्म के नायक गोपाल (अभिषेक शर्मा) के पिता व नायिका आराधना सचान के ससुर धनीराम (धनिया)की महत्वपूर्ण भूमिका में सशक्त अभिनय किया है।
धनीराम गांव का गरीब मजदूर वृद्ध है, जो दबंगों के अत्याचार और शोषण का शिकार है । कहानी में रोमांचक मोड़ तब आता है जब धनीराम का निडर और बहादुर जवान बेटा गोपाल अचानक शहर से सपत्नीक वापिस लौटता है। गोपाल दबंग सरपंच के गुण्डों से अकेला मुकाबला करने लगता है।
श्री पटेल ने निर्देशक मनीष वर्मा के मार्फत जानकारी दी है कि इटारसी के गोल्ड मार्क और द पार्क सिनेमाघर सहित पूरे देश में इसी सप्ताह शीघ्र ही फिल्म प्रदर्शन की तारीख सुनिश्चित होगी।

