स्वामी विवेकानंद कैरियर गाइडेंस सेल के अंतर्गत अल्पकालीन स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों का समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह हुआ
इटारसी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में स्वामी विवेकानंद कैरियर गाइडेंस सेल के अंतर्गत आयोजित दो अल्पकालीन स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों “वेब डिजाइनिंग” एवं “फिटनेस एंड वेलनेस” का समापन 28 जनवरी 2026 को प्रमाण पत्र वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025 से 24 जनवरी 2026 तक संचालित किए गए।
समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में वेब डिजाइनिंग जैसे कौशल विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं फिटनेस और वेलनेस से संबंधित प्रशिक्षण स्वस्थ जीवनशैली के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करता है। इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करते हैं।
आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. हरप्रीत रंधावा ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित न रहकर छात्राओं को व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करना है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास एवं व्यावसायिक दक्षता का विकास हुआ है।
वेब डिजाइनिंग प्रशिक्षण के प्रशिक्षक श्री सागर आहूजा ने कहा कि छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कौशल भविष्य में उनके करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
फिटनेस एवं वेलनेस प्रशिक्षण की प्रशिक्षिका श्रीमती मोना मिश्रा ने कहा कि फिटनेस आज केवल आवश्यकता ही नहीं बल्कि एक संभावनाशील करियर विकल्प भी है। छात्राओं ने योग, व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं को गंभीरता से सीखा है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री स्नेहांशु सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु समस्त स्टाफ, प्रशिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के और अधिक रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
.jpg)
