ad

सिवनी मालवा नगर पालिका परिषद का 2026-27 का बजट पारित, विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च करने का प्रावधान


 

सिवनी मालवा नगर पालिका परिषद का 2026-27 का बजट पारित, विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च करने का प्रावधान

सिवनी मालवा। नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट 26 मार्च 2026 को आयोजित परिषद की बजट बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। परिषद द्वारा प्रस्तुत इस बजट में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। परिषद ने स्पष्ट किया कि बजट का मुख्य उद्देश्य लाभ कमाना नहीं बल्कि कम लागत पर नागरिक सेवाएं और सुविधाएं प्रदान करना है। इस बजट में कोई नया कर नहीं लगाया गया है, जिससे आम नागरिकों पर अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। 

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा कुल अनुमानित आय 1 अरब 93 लाख 40 हजार रुपये रखी गई है, जबकि अनुमानित व्यय 1 अरब 93 लाख 15 हजार रुपये प्रस्तावित किया गया है। बजट में 25 हजार रुपये का लाभ दर्शाया गया है। यह बजट राजस्व आय-व्यय और पूंजीगत आय-व्यय के आधार पर तैयार किया गया है, जिसमें चालू वित्तीय वर्ष के आठ माह के वास्तविक आंकड़े तथा आगामी चार माह की संभावित आय-व्यय को ध्यान में रखा गया है। 

बजट में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है। नगर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एसबीएम 2.0 के तहत नए कार्य किए जाएंगे तथा शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़क, नाली, पुलिया निर्माण एवं भवन निर्माण कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं। नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पेयजल व्यवस्था मजबूत करने हेतु पाइप लाइन विस्तार तथा दो नई पानी की टंकियों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। 

नगर के विकास को गति देने के लिए व्यायामशाला निर्माण हेतु 50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। गीता भवन निर्माण कार्य शासन के निर्देशानुसार किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। मुख्यमंत्री अनुसूचित जनजाति विशेष परियोजना के तहत मंगल भवन निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। 

शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रमुख स्थानों पर डीलक्स शौचालय निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। शहर में प्रमुख स्थानों पर चौपाटी निर्माण हेतु 50 लाख रुपये तथा इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण, लाइट व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों के लिए भी बजट में राशि रखी गई है। पुराने हो चुके शव वाहन और फायर ब्रिगेड वाहन को बदलने के लिए नए वाहनों की खरीदी का प्रस्ताव भी रखा गया है। 

नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने बजट को विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर पेयजल, स्वच्छता, सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह बजट तैयार किया गया है तथा सभी योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

उपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति शैलेंद्र गौर ने कहा कि परिषद द्वारा नागरिकों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए यह बजट तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए शहर में स्वच्छता, पेयजल और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

राजस्व सभापति ईश्वर जमीदार ने कहा कि परिषद ने बिना किसी नए कर के संतुलित बजट प्रस्तुत किया है, जो नगर पालिका की वित्तीय स्थिति को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि आय के नए स्रोत विकसित कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी और पारदर्शिता के साथ बजट का क्रियान्वयन किया जाएगा।

नगर पालिका सीएमओ अमर सिंह उइके ने बताया कि बजट में शामिल सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभागीय स्तर पर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।

नगर परिषद द्वारा पारित यह बजट शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परिषद ने विश्वास जताया है कि प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन से सिवनी मालवा शहर को विकास की नई दिशा मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post