इटारसी के कलाकार बनेंगे छत्रपति शिवाजी : दुनिया के सबसे बड़े वाटर फाउंटेन पर दिखेगा राहुल चेलानी का जलवा
इटारसी। मायानगरी मुंबई में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने के बाद, इटारसी के गौरव अभिनेता राहुल चेलानी अब भारतीय इतिहास के सबसे प्रतापी नायक 'छत्रपति शिवाजी महाराज' के रूप में नजर आएंगे। महाराष्ट्र सरकार के 30 करोड़ रुपए के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में राहुल को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया है। यह फिल्म दुनिया के सबसे बड़े म्यूजिकल वाटर फाउंटेन (मुंबई, पवई लेक) पर प्रदर्शित की जाएगी।
हजारों के ऑडिशन और राहुल की 'बोलती' आंखें
डायरेक्टर संगीत वर्मा ने इस ऐतिहासिक किरदार के लिए देशभर के हजारों अभिनेताओं का ऑडिशन लिया। राहुल के चयन की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। बताया जा रहा है कि ऑडिशन के दौरान जब राहुल ने 'गढ़ आला, पण सिंह गेला' (किला तो जीता, पर मेरा शेर चला गया) संवाद बोला, तो वे बिना ग्लिसरीन के सच में रोने लगे। उनकी आंखों की गहराई और भावनाओं के सटीक प्रदर्शन ने उन्हें 'मिस्टर परफेक्ट' साबित कर दिया।
निर्देशक संगीत वर्मा का मानना है कि इस मूवी में संवाद कम और आंखों का अभिनय ज्यादा है। राहुल की आंखें शिवाजी महाराज के तेज और दर्द को बखूबी बयां करती हैं।
प्रोजेक्ट की खास बातें : इतिहास और आधुनिकता का संगम
यह केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि तकनीक और भव्यता का एक अनूठा संगम है।
>> लोकेशन : मुंबई की प्रसिद्ध पवई लेक पर स्थित 180 मीटर चौड़ा और 40 मीटर ऊंचा दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजिकल फाउंटेन।
>> तकनीक : 49 फायर नोजल, भव्य साउंड और हाई-एंड वीएफएक्स का उपयोग।
>> प्रदर्शन : प्रतिदिन दो शो दिखाए जाएंगे।
>> उद्घाटन : अप्रैल माह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री इसका भव्य उद्घाटन करेंगे (संभवत: प्रधानमंत्री की उपस्थिति में)।
डेढ़ साल की तपस्या और समर्पण
एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचने के लिए राहुल ने कड़ी मेहनत की है। इस किरदार की प्रमाणिकता बनाए रखने के लिए उन्होंने पिछले डेढ़ साल से दाढ़ी नहीं कटवाई। राजा भोज के सफल किरदार के बाद यह उनके करियर का दूसरा सबसे बड़ा ऐतिहासिक अवसर है। राहुल ने बताया कि किसी छोटे शहर के कलाकार के लिए शिवाजी महाराज जैसे युगपुरुष का किरदार निभाना सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है।
शहर में खुशी की लहर
इटारसी जैसे छोटे शहर से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े स्क्रीन (वाटर फाउंटेन) तक पहुंचने की इस उपलब्धि पर नगरवासियों में भारी उत्साह है।
राहुल चेलानी का यह सफर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर 'मायानगरी' के शिखर तक पहुंचा जा सकता है।
.jpg)
