सर्व स्वर्णकार महासंगठन का निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन संपन्न
समाज को कुरीतियों से दूर रहने की दी सलाह, 8 जोड़े बंधे विवाह बंधन में
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित इंडस टाउन, वैष्णो देवी मंदिर प्रांगण में मध्य प्रदेश सर्व स्वर्णकार महासंगठन द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, मध्य प्रदेश स्वर्णकार कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री दुर्गेश सोनी, कार्यक्रम के संयोजक श्री राजेश सोनी, अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, उपाध्यक्ष श्री प्रेम नारायण सोनी, युवा अध्यक्ष श्री ओम सोनी सहित अनेक कार्यकारिणी सदस्य व स्वजाती बंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वर्णकार समाज को एक मंच पर संगठित करना, सामाजिक एकता को मजबूत करना और नई पीढ़ी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
*आठ जोड़ो का विवाह सम्पन्न हुआ*
सामूहिक विवाह सम्मेलन में अध्यक्ष श्री रमेश सोनी के सुपुत्र सहित आठ जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, गणमान्य अतिथियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। वक्ताओं ने अपने संबोधन में स्वर्णकार समाज की परंपरा, योगदान और वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा, रोजगार और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया।
सामूहिक विवाह सम्मेलन में मंचीय उद्बोधन के साथ कार्यक्रम के दौरान प्रतिभावान युवाओं और समाज की विशिष्ट हस्तियों का सम्मान भी किया गया। साथ ही समाज में आपसी सहयोग बढ़ाने और भविष्य में बड़े स्तर पर गतिविधियों के आयोजन का संकल्प लिया गया। इस तरह का सम्मेलन पहले भी हुआ है, जिनका उद्देश्य समाज को एकजुट करना और वैवाहिक व सामाजिक परिचय मंच उपलब्ध कराना रहा है।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व आकाशवाणी के महेश सोनी ने किया। सम्मेलन के अंत में सर्व स्वर्णकार महा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बाबूलाल सोनी ने आयोजकों तथा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
.jpg)
