पश्चिम बंगाल चुनाव: स्वीप आइकन सारिका घारू ने की अपील, 'फोन घुमाओ, मतदान प्रतिशत बढ़ाओ' अभियान से अपनों को करें मतदान के लिए प्रेरित
नर्मदापुरम । पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर स्वीप आइकॉन सारिका घारू ने एक विशेष अपील बांग्ला भाषा में जारी की है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पश्चिम बंगाल में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और परिचितों को लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करें।
सारिका घारू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर एक वोट कीमती है। उन्होंने "फोन घुमाओ, मतदाता प्रतिशत बढ़ाओ" का संदेश देते हुए कहा, "यदि आपके मित्र या रिश्तेदार पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं, तो उन्हें फोन कर मतदान के महत्व के बारे में बताएं। उन्हें याद दिलाएं कि 23 अप्रैल को वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक जागरूक नागरिक का फर्ज निभाएं।"
उन्होंने युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से सोशल मीडिया के माध्यम से इस संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया है।
गौरतलब है कि सारिका घारू लंबे समय से मतदाता जागरूकता के लिए अभिनव प्रयोग करती रही हैं। उनकी इस अपील का उद्देश्य मतदान प्रतिशत बढ़ाना और निष्पक्ष व सशक्त लोकतंत्र की नींव को और मजबूत करना है।
.jpg)
