गेंहूं बेचनें में परेशान किसान, समाधान नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय घेरेगा भारतीय किसान संघ
इटारसी । भारतीय किसान संघ तहसील इटारसी द्वारा किसानों को गेंहूं उपार्जन में आ रही समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी नीलेश शर्मा को तहसील अध्यक्ष श्यामशरण तिवारी के नेतृत्व में सौंपा गया । भारतीय किसान संघ नें नारेबाजी करके ज्ञापन अधिकारी सौंपा है । तहसील उपाध्यक्ष राजेश साध नें बताया कि वर्तमान में किसान गेंहूं बेचनें के लिए लंबी लंबी कतारों में लगे है, शासन की नीतियों से किसान परेशान है लेकिन कोई सुनवाई नहीं की जा रही है, सरकार द्वारा तय समय से लेट उपार्जन कार्य हो रहा है उसके बाद भी एफ ए क्यू मापदंड के नाम पर किसानों की उपज फेल की जा रही है, वेयर हाऊस फुल होनें से किसानों को वापस होनें पर मजबूर होना पड़ रहा है, किसान कम कीमत में मंडियों में गेंहूं बेचनें पर विवश हो रहे है इसलिए भारतीय किसान संघ नें समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को अवगत कराया है, भारतीय किसान संघ नें चेतावनी दी है कि 3 दिन में समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो भाकिसं जिला मुख्यालय पर आंदोलन करेगा ।
इन समस्याओं का दिया ज्ञापन
भारतीय किसान संघ नें बताया कि-
1- प्रत्येक खरीदी केन्द्रों पर हम्मालों की समुचित व्यवस्था की जाए ।
2- FAQ मापदंड के नाम पर किसानों को परेशान करना बंद किया जाए ।
3- सर्वर में तकनीकी दिक्कतों के कारण किसानों के बिल नहीं बन पा रहे है ,शीघ्रता से समाधान हो ताकि किसान द्वारा बेची गयी फसल का सुगमता से भुगतान हो सके ।
4- उपार्जन नीति के अनुसार तय समय सीमा में भुगतान किया जाए ।
5- जिन खरीदी केन्द्रों पर वेयरहाऊस फुल हो चुके है, उनके समीपस्थ वेयरहाऊस में खरीदी सुनिश्चित की जावे ।
6- चना खरीदी में थम्ब इंस्पेक्शन के अलावा ओटीपी के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित किया जाए ।
7- नापतोल विभाग को निर्देशित किया जाए कि समय समय पर खरीदी केन्द्रों पर तौल कांटों का निरीक्षण किया जाए।
8- स्लाट बुकिंग के बाद पारिवारिक कारणों से उपार्जन से वंचित किसानों को पुन: स्लाट बुकिंग कर उपार्जन का अवसर दिया जाए ।
9- खरीफ फसलों के पूर्व रासायनिक खाद का रकबे के अनुसार अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए ।
10- ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी की तैयारियों के पूर्व गिरदावरी सुनिश्चित की जाए ।
ये रहे उपस्थित
भारतीय किसान संघ द्वारा दिए ज्ञापन कार्यक्रम में जिला सहमंत्री रजत दुबे, श्यामशरण तिवारी, श्रीराम दुबे, अविनेश चौधरी,मोरसिंह राजपूत,सरदार यादव, राजेश साध, राजू तोमर, जगदीश कुशवाहा, कमल गालर, ओपी महालहा, हरीश वर्मा, दिलीप चौरे, महेश तिवारी,शिवकुमार पटेल,लक्ष्मीनारायण यादव,राजकुमार चौधरी, विनय पटैल, उमेश चौधरी आदि उपस्थित रहे ।
.jpg)
