कॉलेज चलो अभियान” के तहत शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में छात्राओं को उच्च शिक्षा हेतु किया जा रहा प्रेरित
निःशुल्क प्रवेश मार्गदर्शन, ऑनलाइन पंजीयन एवं सहायता केंद्र के माध्यम से छात्राओं को मिल रही सुविधाएं
इटारसी । शासकीय कन्या महाविद्यालय, इटारसी में “कॉलेज चलो अभियान” के अंतर्गत छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने हेतु व्यापक जन जागरूकता एवं प्रेरणा अभियान संचालित किया जा रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा के निर्देशन में छात्राओं, अभिभावकों एवं विद्यालयों से सतत संपर्क कर उन्हें उच्च शिक्षा, विषय चयन एवं प्रवेश प्रक्रिया संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। महाविद्यालय में वर्तमान में छात्राओं के लिए निःशुल्क पंजीयन एवं प्रवेश मार्गदर्शन सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राएं भी आसानी से उच्च शिक्षा से जुड़ सकें। अभियान के अंतर्गत छात्राओं को ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन एवं प्रवेश प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सहयोग प्रदान किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. आर. एस. मेहरा ने कहा कि उच्च शिक्षा छात्राओं के आत्मनिर्भरता, व्यक्तित्व विकास एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुभवी प्राध्यापक, समृद्ध पुस्तकालय, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
कॉलेज चलो अभियान प्रभारी डॉ. शिरीष परसाई ने बताया कि “हर बेटी उच्च शिक्षा से जुड़े” उद्देश्य के साथ विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महाविद्यालय परिसर में संचालित निःशुल्क सहायता केंद्र पर प्रवेश संबंधी सभी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे छात्राओं एवं अभिभावकों को सुविधा मिल रही है। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए शीघ्र प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर उच्च शिक्षा से जुड़ें।
प्राचार्य
.jpg)
