सांसद दर्शन सिंह चौधरी की अध्यक्षता में दिशा बैठक सम्पन्न : 28 विभागों के 112 मुद्दों की हुई गहन समीक्षा
जनहित के मुद्दों पर अधिकारियों से जवाब-तलब
लापरवाही पर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने दिखाई सख्ती
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना, सुस्त अफसरों को चेतावनी
नर्मदापुरम । होशंगाबाद–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) के अध्यक्ष श्री दर्शन सिंह चौधरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को नर्मदापुरम जिला कलेक्ट्रेट के रेवा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में 28 विभागों से संबंधित 112 प्रमुख समीक्षा बिंदुओं एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, वित्तीय एवं भौतिक उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े विषयों पर जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा, ग्रामीण विकास, कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत, आवास, खाद्य वितरण, महिला एवं बाल विकास, वन, पंचायत, सहकारिता, कौशल विकास, एमएसएमई सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दे उठाए। कई मामलों में कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक विलंब तथा जनशिकायतों के समाधान में शिथिलता पाए जाने पर सांसद श्री चौधरी एवं उपस्थित विधायकों ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की प्रत्येक योजना का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर आगामी बैठक तक ठोस प्रगति सुनिश्चित करें।
बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों की जनप्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गई, वहीं कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को अपने कार्य व्यवहार एवं कार्यप्रणाली में सुधार लाने की नसीहत दी गई।
बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक श्री सीताशरण शर्मा, सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक श्री ठाकुर विजयपाल सिंह, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के सदस्यगण, जिला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा (IAS), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन (IAS), पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा एस. थोटा (IPS) सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, जिससे जिले में समग्र एवं संतुलित विकास को गति मिल सके।
Tags:
समाचार
.jpg)