सरोकार :
उज्जैन के वरिष्ठ नागरिक द्वारा रेलवे की पार्किंग बचाने की पहल
प्रदेश के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय रेल मंत्री को लिखी चिट्ठी
- डाॅ. चन्दर सोनाने,उज्जैन
उज्जैन के एक वरिष्ठ नागरिक और वरिष्ठ आयकर सलाहकार श्री कृष्णकुमार अटल ने इंदौर गेट स्थित उज्जैन रेलवे स्टेशन के बाहर प्रस्तावित केबल कार ( रोपवे ) स्टेशन के निर्माण के स्थान पर पुनर्विचार करने और उस स्थान को रेलवे पार्किंग के लिए सुरक्षित रखने हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव और केन्द्रीय रेल मंत्री को एक पाती लिखी है।
पिछले सप्ताह लिखी इस चिट्ठी में श्री के.के अटल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री को निवेदन किया है कि उज्जैन रेलवे स्टेशन के इंदौर गेट स्थित प्रवेश द्वार के बाहर पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध है। जानकारी के अनुसार इस स्थान पर महाकाल कॉरिडोर हेतु केबल कार स्टेशन स्थापित करने का प्रस्ताव है। मैं इस योजना के उद्देश्य का पूर्ण सम्मान करता हूँ तथा महाकाल नगरी में आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विकास का स्वागत करता हूँ। तथापि, मेरा विनम्र निवेदन है कि केबल कार स्टेशन के लिए इस स्थान का चयन पुनर्विचार योग्य है।
उज्जैन के इस वरिष्ठ नागरिक ने इसके प्रमुख कारण निम्नलिखित बताएं है -1. रेलवे स्टेशन की प्राथमिक आवश्यकता पार्किंग है। उज्जैन आने वाले यात्रियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर उपलब्ध यह खुला स्थान पार्किंग एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
2. अधिकांश यात्री सीधे महाकाल मंदिर नहीं जाते। रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद अधिकांश श्रद्धालु पहले अपने होटल, धर्मशाला अथवा निवास स्थान पर जाकर सामान रखते हैं, स्नान-विश्राम करते हैं और उसके बाद मंदिर दर्शन के लिए निकलते हैं। इसलिए रेलवे स्टेशन से सीधे केबल कार की उपयोगिता सीमित रहेगी।
3. रेलवे स्टेशन पर अनावश्यक भीड़ बढ़ेगी। यदि केबल कार स्टेशन रेलवे स्टेशन के बाहर बनाया जाता है, तो ऐसे लोग भी वहाँ पहुँचेंगे, जिनका रेलवे से कोई संबंध नहीं होगा। इससे रेलवे स्टेशन परिसर पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
4. यातायात एवं पार्किंग की गंभीर समस्या उत्पन्न होगी। रेलवे यात्रियों, टैक्सी, ऑटो, निजी वाहनों तथा केबल कार उपयोगकर्ताओं की संयुक्त आवाजाही से ट्रैफिक जाम एवं अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।
5. भविष्य की दृष्टि से यह स्थान अत्यंत मूल्यवान है। रेलवे स्टेशन के आसपास खुली भूमि भविष्य में पुनः उपलब्ध नहीं हो पाती। अतः इस स्थान का उपयोग केवल रेलवे से संबंधित आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सुरक्षित रखा जाना अधिक दूरदर्शी निर्णय होगा।
श्री अटल ने इस संबंध में अपने सुझाव देते हुए लिखा है कि केबल कार परियोजना निश्चित रूप से जनहित की योजना है। परंतु उसका स्टेशन किसी ऐसे स्थान पर विकसित किया जाए, जहाँ पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो। यातायात का दबाव कम हो तथा रेलवे स्टेशन की कार्यप्रणाली प्रभावित नहीं हो। रेलवे स्टेशन के बाहर उपलब्ध संपूर्ण खुला क्षेत्र रेलवे पार्किंग, ड्रॉप-ऑफ जोन, बस-टैक्सी प्रबंधन तथा भविष्य के यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए आरक्षित रखा जाए। उन्होंने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया है कि माननीय मुख्यमंत्री और रेल मंत्री भारत सरकार इस विषय पर तकनीकी एवं यातायात विशेषज्ञों से पुनः अध्ययन कराकर जनहित में उचित निर्णय लेंगे।
वरिष्ठ नागरिक श्री के.के अटल ने रेलवे पार्किंग को सुरक्षित रखने के संबंध में जो पहल की है, वह सराहनीय है। उन्होंने स्थान परिवर्तन के जो प्रमुख कारण बताएं हंै वे भी अत्यन्त गंभीर और विचारणीय है। आशा करते हैं कि मुख्यमंत्री और रेल मंत्री उनके सुझाव पर गंभीरतापूर्वक सोच-विचार कर जनहित में निर्णय लेंगे।
...................000......................
Tags:
विविध
.jpg)