इटारसी की बेटी शाइस्ता खान का मप्र मुस्लिम विकास परिषद और वरिष्ठ समाज सेवियों ने किया सम्मान
इटारसी । इटारसी के मुस्लिम समाज की होनहार बेटी शाइस्ता खान ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की प्रतियोगी परीक्षा में इतिहास रचते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी (Food Safety Officer) जैसे अति महत्वपूर्ण पद पर सफलता हासिल की है। पूरे प्रदेश में शाइस्ता ने 43वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और समाज का परचम लहराया है। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर वर्ग और समाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
इस गौरवशाली क्षण को और भी गरिमामयी बनाते हुए मध्यप्रदेश मुस्लिम विकास परिषद और नगर के वरिष्ठ समाजसेवियों ने शाइस्ता खान के निवास पहुंचकर उन्हें सम्मान-पत्र भेंट किया और हौसला बढ़ाया।
घर पर रहकर की बिना कोचिंग 'सेल्फ स्टडी',कड़े परिश्रम से पाई सफलता।
शाइस्ता खान ने यह मुकाम बिना किसी बाहरी चकाचौंध के हासिल किया है।वे पिछले दो वर्षों से घर पर ही रहकर पूरी लगन, कड़े अनुशासन और अटूट समर्पण के साथ परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। उनकी कड़ी मेहनत, मजबूत आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों का परिणाम आज इस शानदार सफलता के रूप में सबके सामने है।
वरिष्ठ जनों ने दी बधाई, कहा-"बेटियों ने फिर बढ़ाया मान"।
"शाइस्ता खान की यह उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए एक मिसाल है जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। दृढ़ निश्चय, अथक परिश्रम और धैर्य के बल पर कोई भी लक्ष्य पाया जा सकता है। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं।"
जम्मू सिंह उप्पल (वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक, नगरकथा)
"पूरे समाज की बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत""शाइस्ता की कामयाबी सिर्फ उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि समाज की हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है जो आगे बढ़ना चाहती है।"
हाजी मोहम्मद अथर ख़ान(जिला अध्यक्ष,मप्र मुस्लिम विकास परिषद)
"जिम्मेदारी बड़ी है,देश और प्रदेश का नाम रोशन करें"
"खाद्य सुरक्षा अधिकारी का विभाग समाज और जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण विभाग है। उम्मीद है कि शाइस्ता इसी ईमानदारी और मेहनत से आगे भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।"
सुधीर गोठी वरिष्ठ नागरिक मंच के संरक्षक एवं समाजसेवी।
शाइस्ता खान के सम्मान के इस गरिमामयी अवसर पर समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से हाजी मोहम्मद अथर ख़ान(जिला अध्यक्ष,मप्र मुस्लिम विकास परिषद), इमाम शाह (जिला उपाध्यक्ष,परिषद),शेख शकील (नगर महामंत्री)
मोहम्मद आमिर (उपाध्यक्ष), शेख़ साबिर एवं बाबू भाई सहित अनेक वरिष्ठ समाजजन उपस्थित थे, जिन्होंने बेटी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
Tags:
समाचार
.jpg)