ad

तवानगर क्षेत्र की पंचायतों में विकास कार्यों की रफ्तार पर सवाल


तवानगर क्षेत्र की पंचायतों में विकास कार्यों की रफ्तार पर सवाल

BSNL नेटवर्क, स्ट्रीट लाइट, वन विभाग की अनुमति और मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनपद सीईओ को सौंपा आवेदन 

तवानगर/केसला। ग्राम पंचायत क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर ग्राम पंचायत सानीपुर (तवानगर) के सरपंच शिवनारायण धुर्वे ने जनपद पंचायत केसला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। आवेदन में पंचायत क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों से जुड़ी कई समस्याओं का उल्लेख किया गया है।

आवेदन के अनुसार ग्राम पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को लेकर भी समस्याएं सामने आ रही हैं। आवेदन में क्षेत्र में कार्यरत औद्योगिक एवं पर्यटन संस्थानों से सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व) के तहत पंचायत क्षेत्र के विकास में अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया है।

सरपंच ने वन क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों के लिए वन विभाग से अनुमति नहीं मिलने की समस्या का भी उल्लेख किया है। आवेदन में कहा गया है कि पंचायत द्वारा ग्रामीण हित में कार्य कराने के प्रयास किए जाते हैं, लेकिन अनुमति संबंधी अड़चनों के कारण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके निराकरण की मांग की गई है।

BSNL नेटवर्क की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान

आवेदन में ग्राम रजनीपुर, घोघराखाल एवं तवानगर में BSNL संचार व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है। ग्रामीणों के अनुसार नेटवर्क व्यवस्था ठीक नहीं होने से आवश्यक संचार सेवाओं में परेशानी आती है। पंचायत की ओर से संबंधित समस्या के निराकरण की मांग की गई है।

स्ट्रीट लाइट नहीं, शाम ढलते ही बढ़ता जंगली जानवरों का खतरा

सबसे गंभीर समस्या के रूप में पंचायत क्षेत्र के गांवों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया गया है। आवेदन में बताया गया है कि गांवों में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। तवानगर क्षेत्र वनांचल से लगा होने के कारण ग्रामीणों को जंगली जानवरों का भी भय बना रहता है।

आवेदन में बताया गया कि क्षेत्र में तेंदुआ, बाघ, भालू एवं लकड़बग्घा जैसे जंगली जानवरों की आवाजाही रहती है। ग्रामीणों के पालतू पशुओं के जंगली जानवरों का शिकार किए जाने की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए गांवों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने की मांग की गई है।

सरपंच शिवनारायण धुर्वे ने जनपद पंचायत के अधिकारियों से पंचायत क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की है।
देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post