मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी, जबलपुर में हुआ चयन
इटारसी। आर्चरी नोडल खेल विद्यालय, पुरानी इटारसी की प्रतिभावान तीरंदाज प्राची जोशी, पिता श्री धर्मेंद्र जोशी, का चयन आर्चरी टैलेंट सर्च के माध्यम से मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी प्रशिक्षण अकादमी, जबलपुर के लिए हुआ है। प्राची के चयन से इटारसी सहित नर्मदापुरम जिले के खेल जगत में हर्ष की लहर है।
मध्य प्रदेश में तीरंदाजी की उभरती प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी आर्चरी टैलेंट सर्च आयोजित किया गया था। इस चयन प्रक्रिया में प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिभावान खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उच्च स्कोर के साथ उत्कृष्ट शारीरिक दक्षता प्रदर्शित करने वाले खिलाड़ियों को अंतिम चयन एवं ट्रायल के लिए जबलपुर आमंत्रित किया गया था।
इसी चयन प्रक्रिया में अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर प्राची जोशी ने मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी, जबलपुर में स्थान सुनिश्चित किया। अब प्राची अकादमी में विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लक्ष्य के साथ अपनी तैयारियों को नई दिशा प्रदान करेंगी।
प्राची का यह चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन की सफलता है, बल्कि आर्चरी नोडल खेल विद्यालय, पुरानी इटारसी के लिए भी गौरव का विषय है। प्राची ने अपनी उपलब्धि से विद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अन्य खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका चयन युवा तीरंदाजों को यह विश्वास देता है कि समर्पण, सतत अभ्यास और सही मार्गदर्शन के माध्यम से खेल के उच्चतम स्तर तक पहुँचा जा सकता है।
प्राची जोशी के चयन पर वंदना रघुवंशी, जिला खेल अधिकारी, शिक्षा विभाग , विकास खराड़कर, जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग ,श्रीमती सपना गिरधारी, प्राचार्य, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुरानी इटारसी,अश्वनी मालवीय, बख्तावर खान, अर्पण दुबे, विनोद दुबे, महेंद्र पचलानिया, अनुशिखा दीक्षित एवं गीतांजलि मेहरा सहित विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों एवं समस्त आर्चरी खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्राची को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
Tags:
समाचार
.jpg)