मंदसौर संगीत महाविद्यालय में शास्त्रीय गायन एवं कथक की मनोहारी प्रस्तुतियों से सजी ‘संगीत प्रसंग’ की सांस्कृतिक संध्या
अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शास्त्रीय गायिका कल्पना झोकरकर और कथक नृत्यांगना डॉ श्यामा पंडित की श्रेष्ठ प्रस्तुतियां
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर । भारत रत्न लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय, मंदसौर द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित विष्णु नारायण भातखंडे स्मृति में सरस ‘संगीत प्रसंग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया । शास्त्रीय गायन संगीत एवं कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित रसिक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन शनिवार शाम को कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम, मंदसौर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय स्तर की शास्त्रीय गायिका श्रीमती कल्पना झोकरकर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. उषा अग्रवाल द्वारा पुष्प–गुच्छ एवं स्मृति–चिन्ह भेंट कर किया ।
इस अवसर पर श्रीमती कल्पना झोकरकर ने अपनी सुमधुर शास्त्रीय गायन प्रस्तुति से सांगीतिक संध्या को विशेष ऊंचाई प्रदान की। उन्होंने राग मारु बिहाग में बड़ा ख्याल ‘पथ राख लीजे मोरी’ विलंबित रूपक ताल में तथा छोटा ख्याल ‘पार करो नैय्या मोरी’ एकताल में प्रस्तुत किया। इसके पश्चात उन्होंने कजरी ‘में नजरिया लागे नहीं कहीं ओर’ तथा मीराबाई का भजन ‘सुनो सुनो रे दयाल म्हारी अर्जी’ प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। हारमोनियम पर श्री दीपक खसरावल एवं तबले पर श्री निशांत शर्मा ने प्रभावी संगत की।
*कथक की भाव, लय और नृत्य-सौंदर्य से दर्शक हुए अभिभूत*
कार्यक्रम के अगले चरण में डॉ. श्यामा पंडित द्वारा कथक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। शास्त्रीय नृत्य की परंपरा, तकनीकी सौंदर्य, लयकारी एवं भावाभिव्यक्ति से परिपूर्ण इस प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा से परिचित कराया।
प्रस्तुति का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित कृष्ण वंदना ‘भजे ब्रज नंदनम्’ से हुआ। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप एवं उनकी लीलाओं का भावपूर्ण चित्रण कथक की सशक्त भावाभिव्यक्ति के माध्यम से किया गया।
इसके पश्चात कथक के ताल पक्ष की प्रस्तुति में तीनताल के अंतर्गत उपज, ठाट, आमद, तोड़े, टुकड़े, परन एवं तिहाई जैसी पारंपरिक कथक संरचनाओं का सुंदर प्रदर्शन किया गया। लय, ताल, पद-संचालन एवं नृत्य कौशल के समन्वय ने प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया।
कार्यक्रम में राजा चक्रधर सिंह द्वारा रचित ठुमरी ‘गोरी सलोनी’ पर भाव-प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें कथक के भाव पक्ष के माध्यम से नवरसों—श्रृंगार, हास्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, बीभत्स, अद्भुत एवं शांत की प्रभावपूर्ण अभिव्यक्ति प्रस्तुत की गई। कलाकार की भाव-भंगिमाओं एवं अभिनय ने मानवीय भावनाओं की विविधता को जीवंत रूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन तराना की ऊर्जापूर्ण प्रस्तुति के साथ हुआ। शास्त्रीय नृत्य की तकनीक, भाव एवं लय के सुंदर समन्वय से सजी इस प्रस्तुति ने दर्शकों को एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया। उपस्थित रसिक श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया तथा तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अतिथि पूर्व जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री नरेंद्र त्रिवेदी, जन परिषद संस्था प्रांतीय सह सचिव एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. घनश्याम बटवाल, प्रेस क्लब संरक्षक श्री ब्रजेश जोशी, पूर्व प्राचार्य प्रो. रामकुमार वर्मा, डॉ. विनिता कुलश्रेष्ठ, शिक्षाविद प्रो. ज्ञानचंद्र खिमेसरा एवं श्रीमती डॉ गुनमाला खिमेसरा, साहित्य परिषद अध्यक्ष श्री नरेंद्र भावसार, वरिष्ठ पत्रकार श्री महावीर अग्रवाल योग गुरु बंशीलाल टांक, शिक्षाविद अजीज उल्ला खाँ ख़ालिद राजेन्द्र कुमार पोरवाल अंबालाल चन्द्रावत रामनारायण गन्धर्व दीपक कुमार राव सन्नाली शर्मा राजमल गन्धर्व सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ, संगीत प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अल्पना रानी गांधी ने किया तथा आभार श्री आशीष जैन ने व्यक्त किया।
सम्पूर्ण आयोजन ने भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पंडित विष्णु नारायण भातखंडे की संगीत साधना एवं उनके योगदान को स्मरण करने का सार्थक अवसर प्रदान किया। ‘संगीत प्रसंग’ की यह सांस्कृतिक संध्या संगीत एवं कला प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव रही।
संगीत महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस ‘संगीत प्रसंग’ ने पंडित विष्णु नारायण भातखंडे की संगीत साधना एवं भारतीय शास्त्रीय संगीत-नृत्य की समृद्ध परंपरा को स्मरण करते हुए कला एवं संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी में रुचि और संवेदना जागृत करने का सार्थक प्रयास किया।
Tags:
समाचार
.jpg)