योग से शरीर, मन और बुद्धि को स्वस्थ रखा जा सकता है : डॉ. शर्मा
- स्वस्थ सशक्त भारत के लिए नियमित रूप से योग करने का संकल्प लें सभी
- सुबह से बारिश के बाद अटल पार्क से ऑडिटोरियम में शिफ्ट किया कार्यक्रम
इटारसी। शरीर के साथ ही मन और बुद्धि को स्वस्थ रखने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में सुबह से योगाभ्यास किया। योग दिवस के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। इटारसी में मुख्य कार्यक्रम अटल पार्क के पास कवि भवानी प्रसाद मिश्र ऑडिटोरियम में किया।
पहले इटारसी के अटल पार्क में करीब पांच सौ लोगों योग दिवस में शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन अल सुबह ही बारिश ने सारे कार्यक्रमों में बदलाव करने को मजबूर कर दिया। अटल पार्क का कार्यक्रम ऑडिटोरियम में शिफ्ट करना पड़ा। इटारसी के ऑडिटोरियम में हुए कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पंकज चौरे, नगरपालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी, वरिष्ठ नागरिक मंच के राजकुमार दुबे सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर योगाभ्यास में भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि योग से शरीर, मन और बुद्धि को स्वस्थ रखा जा सकता है, अत: नागरिकों को संकल्प लेना चाहिए कि वे नियमित जीवन में योग को शामिल करेंगे। योगाभ्यास के बाद योग सप्ताह में सात दिन योगाभ्यास कराने वाले राजेश गुप्ता और उनके साथी संदीप चंद्रवंशी का नगर पालिका की ओर से सम्मान किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि योग, हमारे ऋषियों की अनमोल देन है, जो आज पूरे विश्व में स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में योग को नियमित तौर पर शामिल करके स्वयं को स्वस्थ बनाये रखना चाहिए।
.jpg)
