आने वाले समय में नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की टक्कर का शहर बनाया जाएगा – मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
म.प्र. में दुग्ध की दुकाने खोली जाएगी एवं शराब की दुकानें बंद होगी
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 104.72 करोड के कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम में इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने की घोषणा की
दीप दान से अलोकित हुआ नर्मदा तट का पावन सेठानी घाट
मॉं नर्मदा की आस्था और श्रद्धा में डूबा नर्मदांचल
नर्मदापुरम जिले में आयोजित नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम नर्मदा गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉं यादव
नर्मदापुरम/04,फरवरी,2025/ मॉं नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम जिले के गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घोषणा की कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले में इंजीनियरिंग कालेज खोला जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव माँ नर्मदा प्रकटोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने सेठानी घाट में बनाए जल मंच से मां नर्मदा की पूजा अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 104.72 करोड़ के विकास कार्यो का भूमि पूजन किया। जिसमें 29.96 करोड़ के 24 कार्यों का भूमि पूजन किया एवं 74.76 करोड के 06 कार्यो का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सेठानी घाट में आटे से बने 1 लाख 25 हजार दीपक का दीप दान किया गया। समूचा नर्मदांचल माँ नर्मदा की आस्था और श्रद्धा में डूबा रहा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उक्त दृश्य को देखकर कहा कि मॉ नर्मदा की पावन पुनीत भूमि पर आने के लिए देवता भी तरसते है। समूचा अंचल इंद्र की सभा की तरह लग रहा है। ऐसा आनंद देव लोक में ही संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा की आशीर्वाद प्रदेश के साथ है। म.प्र. नदियों का मायका है। यहां से मां नर्मदा एवं अन्य नदियां निकलती है। मनुष्य एवं देवता भी यहां अपना क्षण बिताने को अपना सौभाग्य मानते हैं। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में नर्मदापुरम जिले का व्यापक रूप से विकास किया जाएगा। नर्मदापुरम को भोपाल एवं इंदौर की टक्कर का शहर बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश में दूध की दुकानें खोली जाएगी एवं शराब की दुकानें बंद होगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मां नर्मदा का बखान करते हुए कहा कि मां नर्मदा नदी ही एक ऐसी नदी है जिनकी परिक्रमा कर के लोग धन्य होते है। नर्मदा के जल से मालवा निर्माण एवं समूचा नर्मदांचल क्षेत्र के 48 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है। हम सब सौभागयशाली है कि हमे कदम कदम पर सुख और समृद्धि की प्राप्ती हो रही है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने सभी नदियों को जोड़ने का सपना देखा था। 20 साल बाद उस सपने को साकार किया जा रहा है। केन बेतवा नदी को जोडने से बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने वाली है। इस प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 01 लाख करोड़ की राशि स्वीकृत की है। डॉ यादव ने नर्मदापुरम जिले में हुए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की जानकारी देते हुए बताया कि इस कॉन्क्लेव से नर्मदापुरम संभाग में 31 हजार करोड़ का निवेश आएगा। उन्होंने कहा कि नर्मदापुरम के लोग पलायन न करें अपनी खेती को बचा कर रखें मुख्यमंत्री ने कहा कि यह औद्योगीकरण आने वाली पीढी के लिए है। हमने सभी संभाग में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि लाडली बहना योजना से बहनों के जीवन में बदलाव आया है। डॉ यादव ने बताया कि कल वे स्वयं मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरण कर रहे हैं तथा आने वाले समय में विद्यार्थियों को लैपटॉप भी दिये जाऐंगे। सनातन संस्कृति की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत की संस्कृति धर्म से जुड़ी हुई है। मध्यप्रदेश सरकार भगवान श्री राम एवं भगवान श्री कृष्ण की स्थली को तीर्थ स्थ्ल के रूप में विकसित करेगी। जल मंच पर पं सोमेश परसाई, पं गोपाल प्रसाद खड्डर व अन्य आचार्यों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां नर्मदा की विधिवत पूजन अर्चना किया तथा मां नर्मदा का जल अभिषेक कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मां नर्मदा की महाआरती की।
नर्मदा तट पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छाई छटा
नर्मदा प्रकटोत्सव एवं नर्मदापुरम के गौरव दिवस के अवसर पर मंगलवार को लोकप्रिय कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। जिसके अंतर्गत सेठानी घाट पर मीशा शर्मा एवं उनके साथी गणों द्वारा निमाड़ी लोक गायन की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। देर रात्री उज्जेन की कशिश शीतलानी एवं उनके सा थीगणों द्वारा कथा नर्मदा की नृत्य नाटिका के माध्यम से प्रस्तुती दी गई। जिसका दर्शको नें खूब आनंद उठाया। इसके पश्चात भोपाल से आये विकास सिरमोलिया एवं उनके साथी गणों द्वारा भक्ति गायन की प्रस्तुती दी गई जिसका लोगो ने रसास्वादन किया।