जल जमाव से निजात दिलाने नपा के अमले ने लिया त्वरित एक्शनइटारसी। अतिवृष्टि से सुबह शहर में जल जमाव की स्थिति बन गयी थी। सड़कों की पुलियाओं में झाडियां और अन्य कचरा फंसने से निकासी बाधित होने से सड़कें जलमग्र हो रही थीं। ऐसे में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका के अमले ने त्वरित एक्शन लिया और कई जगह पहुंचकर कचरा निकालकर निकासी संभव करायी।
उल्लेखनीय है कि आज सुबह से बहुत तेज बारिश होने से शहर में जल भराव की स्थिति निर्मित हो गयी थी। नालियों से तेजी से पानी निकल पाता, इससे पहले कई जगह झाडिय़ां कचरा फंसने से पानी निकलने की गति कम हो गई थी। नगर पालिका के अमले ने सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा के निर्देश पर तेजी से एक्शन लिया और बंगलिया नाला, एमजीएम कालेज के पास नाला, पीपल मोहल्ला, अवाम नगर, वार्ड नंबर 2 में, वार्ड क्रमांक 22 में जेसीबी के साथ नगर पालिका का अमला भेजकर निकासी दुरुस्त करायी।
तेजी से निकला पानी
तेज बारिश से जितनी तेजी से सड़कों पर पानी भरा रहा था, सफाई के बाद उतनी ही तेजी से सड़कों, नालियों का पानी शहर से बाहर भी निकल गया। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, सभापति राकेश जाधव ने सूचना मिलते ही तत्काल नगर पालिका के अमले को संबंधित जगह भेजकर अलर्ट किया और तेजी से काम होने के कारण कभी घंटों भरा रहने वाला पानी तेजी से निकल सका।
मनमाना निर्माण बाधक
नगर पालिका के अमले को कई जगह मनमाना निर्माण भी मिला, इसके कारण पानी रुक रहा था। कुछ जगह लोगों ने आने-जाने के लिए फर्शियां रखकर उस पर पक्का निर्माण कर लिया था, ऐसे स्थानों पर पानी की साथ बहकर आने वाली झाडिय़ां और कचरा फंसकर पानी की गति को धीमा कर रहा था, झाडिय़ां और कचरा निकालकर जल निकासी संभव करायी गयी। सीएमओ रितु मेहरा ने नागरिकों से निवेदन किया है कि व्यवस्था में सहयोग करें और जल निकासी के रास्ते में अतिक्रमण न करें।
Tags:
समाचार
.jpg)
