करुणाधाम में विश्व कल्याण के संकल्प के साथ वंदे राष्ट्र मातरम प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू
भोपाल। करुणाधाम आश्रम के तीन दिवसीय वंदे राष्ट्र मातरम् प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को सर्वप्रथम गणेश और अन्य देवता के पूजन के साथ लोक और विश्वकल्याण का संकल्प ले कर कार्यक्रम को शुरू किया गया। कार्यक्रम में महाभारत कालीन क्षेत्रों, पर्वत, पठार, नदियों आदि तत्वों का स्मरण किया गया। साथ ही 16 कलशों की स्थापना कर प्रेमपुरा घाट में जल देवता एवं जल के अन्य तत्वों की पूजा कर विशाल जल यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें भक्त गणों ने आश्रम के पीठाधीश्वर गुरुदेव श्री सुदेश जी शांडिल्य महाराज से प्रेमपुरा घाट का नाम प्रेम सरोवर रखने के लिए मांग की, जल यात्रा प्रेमपुरा घाट से नेहरू नगर होते हुए, आश्रम में प्रवेश की जहां यात्रा का भव्य रूप से स्वागत किया गया और जलपूर्ण कलशों को यज्ञ मण्डप पर स्थापित किया गया।
उल्लेखनीय है कि करुणाधाम में मां महालक्ष्मी की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने पर वन्देराष्ट्रमातरम् प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को पंचांग प्रयोग और संजय मेहता और उनके ग्रुप का ड्रामा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। गुरुवार 24 जुलाई को भूमंडल स्थापन और पंडित श्री राजेंद्र गंगानी जी द्वारा कथक नृत्य प्रस्तुति का आयोजन होगा। शुक्रवार 25 जुलाई समापन पूर्ण आहुति एवं विशाल भंडारा का आयोजन होगा। शाम को माँ महालक्ष्मी की दिव्य आरती होगी।