ad

ग्राम जमानी के श्री गणेशोत्सव कार्यक्रम में देश के जाने माने कलाकारों द्वारा शास्त्रीय कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी



ग्राम जमानी के श्री गणेशोत्सव कार्यक्रम में देश के जाने माने कलाकारों द्वारा शास्त्रीय कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी

इटारसी। समीपस्थ ग्राम जमानी में 1960 के दशक में स्थापित श्री गणेशोत्सव कार्यक्रम इस वर्ष भी 5 सितंबर दिन शुक्रवार को रात्रि 9:30 बजे से आयोजित किया जा रहा है। आयोजनकर्ता प्रभुदयाल दुबे ने बताया कि इस बार भी देश के जाने माने कलाकारों द्वारा शास्त्रीय कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी जायेगी।

इस अवसर पर कत्थक नृत्य कलाकार अमृत मिश्रा, श्रीमती वसुंधरा शर्मा, सुश्री शिवानी पटेल अपनी कत्थक नृत्य एवं संरचनाओं की प्रस्तुति देंगे। संगत पर तबला वादक उदय शंकर मिश्रा, आनंद मिश्रा, गायक पं. विशाल मिश्रा सागर, सारंगी वादक अनिश मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे।

आयोजन समिति के पवन कुमार दुबे एवं गगन कुमार दुबे ने बताया कि सन् 1960 में स्व. पुरुषोत्तम लाल दुबे, स्व रविशंकर दुबे, स्व विजय शंकर दुबे, स्व शंभू दयाल दुबे ने इस कार्यक्रम की स्थापना की थी, जो आज भी जारी है। उन्होंने बताया कि गणेशोत्सव में अभी तक देश भर के अनेकों प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी है, लेकिन पहली वंदना मुस्लिम गायक ने की थी। सन् 1960 में पहली गणेश वंदना मुस्लिम गायक उस्ताद आदिल खां झांसीवाले ने की थी। फिर हैदराबाद के शेख दाऊद के तबले पर विदिशा के गंगाप्रसाद पाठक ने गायन की प्रस्तुति दी थी। सागर के रामजी हर्ष सितार और लखनऊ के गिरधारीलाल सारंगी पर थे।

1962 में दिल्ली से नसीर अहमद खां और मुंबई से ताज अहमद खां भी अपनी प्रस्तुति जमानी के गणेशोत्सव में दे चुके हैं। उनके साथ तबला वादक निजामुद्दीन खां ने संगत दी थी। तबले के उस्ताद अहमद जान तिरकवा, अल्लारक्खा खां, किशन महाराज, उस्ताद विलायते खां सितार वादक, प्रसिद्ध नृत्यांगना सितारा देवी, अभिनेता गोविंदा की मां निर्मला देवी शास्त्रीय गायन के लिए कई बार गांव जमानी आ चुके हैं।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post