दीपावली पर त्योहारी बाजार गांधी मैदान में, पटाखों की दुकानें लाल मैदान में
इटारसी। दीपावली पर्व के अवसर पर शहर में लगने वाले पारंपरिक त्योहारी बाजार को लेकर नगर पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम नीलेश शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्रा, सीएमओ ऋतु मेहरा, तहसीलदार शक्तिशाली तोमर और टीआई गौरव सिंह बुंदेला मौजूद रहे।
बैठक में इस वर्ष बाजारों की सुव्यवस्थित स्थापना और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई निर्णय लिए गए।
गांधी मैदान में माता लक्ष्मी की प्रतिमा, बतासे, झाड़ू, दिए और पूजन सामग्री की दुकानें लगेंगी। पटाखों की बिक्री लाल मैदान (बैंक कॉलोनी के पास) में होगी। पटाखा व्यापार संघ को निर्देश दिए गए हैं कि दुकानें निर्धारित स्थानों पर लगाएं या लॉटरी प्रणाली से आवंटित करें। किसी भी हालत में पटाखे आबादी क्षेत्र या मुख्य सड़क मार्ग पर नहीं बेचे जाएंगे। फूल-माला, केले के पेड़ और सजावटी सामग्री की दुकानें फ्रेंड्स स्कूल मैदान में लगेंगी।
बाजार क्षेत्र और प्रमुख सड़कों पर अनधिकृत दुकान नहीं लगाई जाएगी। इसके लिए तीन दल बनाए गए हैं। पहला दल लाल मैदान, दूसरा गांधी मैदान और तीसरा दल गुरुद्वारा से तुलसी चौक व बड़ा मंदिर तक की निगरानी करेगा। ड्यूटी दो शिफ्टों में रहेगी। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक। अनधिकृत दुकान लगाने वालों का सामान जब्त किया जाएगा।
नगर पालिका तीनों स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था करेगी। पुलिस यातायात नियंत्रण और अस्थायी बैरिकेडिंग के माध्यम से भीड़भाड़ को रोकेगी। एसडीएम नीलेश शर्मा ने बताया कि दीपावली का पर्व उल्लास और व्यवस्था दोनों का प्रतीक है, इसलिए नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था की गई है।