ad

अयोध्या में भव्य काव्य समागम का आयोजन, 108 रचनाकारों के साझा संकलन का हुआ लोकार्पण


 

अयोध्या में भव्य काव्य समागम का आयोजन, 108 रचनाकारों के साझा संकलन का हुआ लोकार्पण

अयोध्या । पावन नगरी अयोध्या की दिव्य भूमि पर श्री राम मंदिर काव्य साहित्य मंच द्वारा एक भव्य काव्य समागम का आयोजन किया गया। यह आयोजन आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए रचनाकारों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और अपने आशीर्वचन से कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। साथ ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकारिणी सदस्य श्री अनिल मिश्रा का सान्निध्य भी प्राप्त हुआ।

संस्था की संस्थापिका डॉ. बबिता किरण एवं संयोजक डॉ. अजय गर्ग के नेतृत्व में वर्ष 2024 से प्रतिवर्ष देश के विभिन्न राज्यों के साहित्यकारों को एक मंच पर लाकर अयोध्या में काव्य समागम का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी लगभग 40 कवि एवं कवयित्रियों ने प्रभु श्रीराम के जीवन, आदर्शों एवं मर्यादा पर आधारित अपनी भावपूर्ण रचनाओं का काव्य पाठ किया।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण 108 रचनाकारों के साझा काव्य संकलन का भव्य विमोचन रहा, जो श्रद्धेय चंपत राय के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। यह संकलन रामभक्ति और भारतीय सांस्कृतिक चेतना का सशक्त साहित्यिक दस्तावेज सिद्ध होगा।

इस आयोजन में महिला व बाल विकास परिषद (अयोध्या) का विशेष सहयोग रहा, जिसके समन्वय और सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

काव्य, भक्ति और राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत यह आयोजन न केवल साहित्यकारों के लिए प्रेरणास्रोत बना, बल्कि उपस्थित श्रोताओं के हृदय में भी प्रभु श्रीराम के आदर्शों के प्रति नव-उत्साह और श्रद्धा का संचार कर गया।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post