मूलनायक भगवान वासुपूज्य स्वामी का जन्म एवं तप कल्याणक महा महोत्सव मनाया
भक्तामर पाठ के साथ 48 दीप प्रज्वलित कर उतारी मंगल आरती
ललितपुर। तालबेहट के वासुपूज्य दिगम्बर जैन नये मंदिर में जैन धर्म के 12 वें तीर्थंकर प्रथम बालयति चैतन्य चमत्कारी मूलनायक भगवान वासुपूज्य स्वामी का जन्म एवं तप कल्याणक महा महोत्सव मनाया गया। सुबह से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुँचकर पालना झूला का कार्यक्रम किया। तत्पश्चात् अनिल जैन बबीना के नेतृत्व में अभिषेक शांतिधारा पूजन - विधान की क्रियाएँ की गयी। सायं काल की बेला में भारतीय जैन मिलन बहुमण्डल एवं वासुपूज्य जिनालय शाखा के संयुक्त तत्वाधान में णमोकार महामंत्र का पाठ किया एवं भक्तामर पाठ के साथ 48 दीप प्रज्वलित कर मूलनायक भगवान की मंगल आरती उतारी। भजन संध्या में सुन्दर भजनों की प्रस्तुति दी गयी। जिसमें पुष्पेंद्र जैन, प्रवीन भंडारी, महेंद्र जैन, विजय कुमार, सुशील मोदी, श्रेयांश जैन, जितेंद्र कुमार, स्वतंत्र जैन, सुरेंद्र कुमार, नीलेश जैन, अंजेश, अजय सहित सकल दिगम्बर जैन समाज का सक्रिय सहयोग रहा। संचालन भारतीय जैन मिलन के अध्यक्ष विशाल जैन पवा ने किया। आभार व्यक्त बहुमण्डल शाखा की अध्यक्ष अलका पवैया एवं महामंत्री शिखा मोदी ने किया।
.jpg)
