ad

शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी मालवा में वार्षिक उत्सव का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन


 

शासकीय कन्या महाविद्यालय, सिवनी मालवा में वार्षिक उत्सव का गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण आयोजन

सिवनी मालवा । शासकीय कन्या महाविद्यालय में आज वार्षिक उत्सव का आयोजन अत्यंत उल्लास, अनुशासन एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन छात्राओं की रचनात्मक क्षमता, सांस्कृतिक अभिरुचि तथा व्यक्तित्व विकास का जीवंत उदाहरण बना।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. आर. के. रघुवंशी, प्राचार्य, कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिवनी मालवा, तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अशोक कुमार यादव एवं डॉ. मोहन गुर्जर की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार धुर्वे ने अध्यक्षीय उद्बोधन में छात्राओं को वार्षिक उत्सव की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वार्षिक उत्सव छात्राओं के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि डॉ. आर. के. रघुवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मक सोच का विकास करते हैं।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक कुमार यादव ने अपने संबोधन में छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं।

कार्यक्रम के प्रभारी प्राध्यापक धीरेन्द्र दुबे ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी छात्राओं के अनुशासन एवं सहभागिता की सराहना की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला अत्यंत आकर्षक एवं प्रभावशाली रही। समूह नृत्य, लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य, एकल एवं समूह गीत, देशभक्ति प्रस्तुतियाँ, कवितापाठ एवं सामाजिक विषयों पर आधारित नाट्य मंचन ने कार्यक्रम को विशेष ऊँचाई प्रदान की। छात्राओं की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास और अनुशासित प्रस्तुति की सभी प्राध्यापकगणों ने सराहना की।

इस अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता, खेल उपलब्धियों, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

*मिस फ्रेशर का पुरस्कार बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा निराली मिश्रा को, मिस फेयरवेल का पुरस्कार बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा तनुदीप पालीवाल को, स्पोर्ट्स स्टूडेंट ऑफ द ईयर का पुरस्कार छात्रा अंकिता मालवीय को तथा स्टूडेंट ऑफ द ईयर का पुरस्कार बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा रसाली गौर को प्रदान किया गया।*

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक मनोज कुमार प्रजापति, प्राध्यापक रजनीश जाटव एवं समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। समस्त आयोजन सुचारू, व्यवस्थित एवं अनुशासित रूप से सम्पन्न हुआ, जो महाविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों से संपन्न हुआ।

अंत में आभार प्रदर्शन तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

देवेन्द्र सोनी नर्मदांचल के वरिष्ठ पत्रकार तथा युवा प्रवर्तक के प्रधान सम्पादक है। साथ ही साहित्यिक पत्रिका मानसरोवर एवं स्वर्ण विहार के प्रधान संपादक के रूप में भी उनकी अपनी अलग पहचान है। Click to More Detail About Editor Devendra soni

Post a Comment

Previous Post Next Post